• June 3, 2024 8:35 pm

भारत और बांग्लादेश के बीच सिलहट के भोलागंज में एक नई सीमा हाट का उद्घाटन

नई दिल्ली, 8 मई.  भारत और बांग्लादेश के बीच कल सिलहट के कंपनीगंज उपजिले के अंतर्गत भोलागंज में एक नई सीमा हाट का उद्घाटन किया गया। बांग्लादेश के प्रवासी कल्याण और विदेश रोजगार मंत्री इमरान अहमद और भारत के सहायक उच्चायुक्त नीरज कुमार जायसवाल ने संयुक्त रूप से इस सीमा हाट का उद्घाटन किया।
श्री इमरान अहमद ने कहा कि इस हाट के शुरू होने से दोनों देशों के बीच व्यापार और आपसी संबंधों में वृद्धि होगी। यह हाट बुधवार और शनिवार को सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक खुली रहेगी। इस हाट में कुल 26 भारतीय स्टाल और 24 बांग्लादेश के स्टाल लगाने की अनुमति होगी। सीमा के पांच किलोमीटर की परिधि में रहने वाले लोग इस हाट का प्रयोग कर सकेंगे। इसके लिए विशेष कार्ड जारी किया जाएगा। हाट में बिकने वाला सामान ड्यूटी फ्री होगा।सिलहट प्रभाग में यह चौथी सीमा हाट है। इनमें से तीन हाट पहले से चल रही हैं। इसी प्रभाग में तीन और सीमा हाट खोलने की योजना है। पहली सीमा हाट की शुरुआत वर्ष 2011 में मेघालय के कलईचार में पश्चिमी गॉरो हिल्स जिले में और बांग्लादेश के कुरिग्राम में की गई थी। (वी के झा)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *