20 मार्च 2023 | राजधानी में लोगों की सुविधा के लिए नई राशन दुकानें तो खोलने का निर्णय ले लिया गया है, लेकिन यह व्यवस्था लोगों के लिए मुसीबत बनती दिखाई दे रही है। हालात ऐसे हैं कि एक महीने के भीतर सभी 110 राशन दुकानों की प्रक्रिया पूरी कर इन्हें शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन अब तक न तो कार्डधारकों का दुकानों में अटैचमेंट हो पाया है और न ही दुकानों की आइडी तक जनरेट हुई है। इसी बीच अप्रैल और मई माह के दो माह के राशन का आवंटन भी जारी कर दिया गया है। ऐसे में हितग्राहियों को राशन लेने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। क्योंकि वर्तमान में जिस दुकान में कार्डधारक अटैच हैं, उसी हिसाब से आवंटन जारी किया गया है। ऐसे में लोगों को वन नेशन वन कार्ड के तहत पोर्टेबिलिटी की सुविधा से चावल तो मिल जाएगा, लेकिन शक्कर के लिए उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है |
अफसर भी असमंजस में कि कब करें कार्ड अटैचमेंट
खाद्य विभाग ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन कार्डधारियों के लिए आगामी दो महीने अप्रैल एवं मई के लिए एक साथ दुकानों और कार्डधारकों के आधार पर जारी कर दिया है। वहीं, आगामी महीने में ही शहर में 110 नई राशन दुकानें खुलने जा रही हैं। ऐसे में पुरानी व नई राशन दुकानों में राशन किस तरह से और कब कार्ड अटैचमेंट किया जाए, इसे लेकर खाद्य विभाग के अफसर भी असमंजस में हैं।
एक दुकान में न्यूनतम 500 कार्ड होना जरूरी
रायपुर नगर निगम अंतर्गत वर्तमान में 130 राशन दुकानें संचालित हैं। 110 नई राशन दुकानें खुलने के बाद इसकी संख्या 240 हो जाएगी। इन राशन दुकानों में एक हजार से लेकर दो हजार से अधिक कार्डधारी पंजीकृत हैं। वहीं, हाईकोर्ट के निर्देशानुसार एक राशन दुकान में कार्डधारकों की संख्या न्यूनतम 500 रखने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में कार्डधारकों का अटैचमेंट किस तरह हो, यह भी चिंता का विषय है।
दुकानें खुलने में निर्धारित से अधिक समय लगने की संभावना
विभाग ने नई दुकानें खोलने के लिए समय निर्धारित कर दिया है। इसके अनुसार जिन लोगों को नई दुकानें आवंटित हुई हैं, उन्हें 30 दिन के भीतर दुकान खोलना है। विभाग द्वारा दिए समय के अनुसार 20 अप्रैल तक दुकानें खुल जानी चाहिए, लेकिन नई राशन दुकानों में कार्डधारियों को जोड़ने का काम जिस धीमी गति से चल रही है। इसलिए विलंब होना तय है।
यह सारी कवायद कार्डधारियों को ध्यान में रखकर की जा रही है। नई राशन दुकानें खोलने का उद्देश्य ही कार्डधारियों को सुविधा देना है। कार्डधारियों को राशन लेने में किसी प्रकार की परेशानियां न हों, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।