30 मार्च 2022 | जम्मू-कश्मीर सरकार ने आतंकियों से कनेक्शन रखने वाले 5 सरकारी कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया। जिनमें पुलिस कांस्टेबल तौसीफ अहमद मीर पुलवामा, कम्प्यूटर ऑपरेटर गुलाम हसन परे श्रीनगर, अवंतीपोरा के एक टीचर अर्शीद अहमद दास, पुलिस कांस्टेबल शाहिद हुसैन राथर बारामुला और नर्सिंग अर्दली स्वास्थ्य विभाग शराफत-ए -खान कुपवाड़ा का नाम शामिल है।
सतह से हवा में मार करने वाली दो और मिसाइलों का सफल परीक्षण
भारत ने आज यानि 30 मार्च को ओडिशा तट से मध्यम दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली दो और मिसाइलों का परीक्षण किया। चांदीपुर के एकीकृत परीक्षण रेंज लॉन्च पैड-3 से सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों (MRSAM) का परीक्षण हुआ। DRDO ने इसकी जानकारी साझा की है।
दिल्ली में सीएम केजरीवाल के घर के बाहर तोड़फोड़
फिल्म कश्मीर फाइल्स को लेकर दिए गए बयान के कारण CM अरविंद केजरीवाल को चौतरफा विरोध का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर इस घटना की जानकारी दी। मनीष सिसोदिया ने लिखा- दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी के घर पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर CCTV कैमरे और सिक्योरिटी बैरियर तोड़ दिए हैं। गेट पर लगे बूम बेरियर भी तोड़ दिए हैं।

प्रदर्शन के दौरान केजरीवाल के घर के गेट पर भगवा रंग फेंका गया।
सिसोदिया ने दिल्ली पुलिस पर गुंडों की मदद का आरोप लगाया। डिप्टी सीएम ने कहा कि गुंडे केजरीवाल के घर पर तोड़फोड़ करते रहे और बीजेपी की पुलिस उन्हें रोकने की जगह उन्हें घर के दरवाज़े तक लेकर आई। इस मामले में प्रदर्शन कर रहे तेजस्वी सूर्या सहित कई कार्यकर्ता अरेस्ट किए गए हैं।
यूपी बोर्ड की परीक्षा से जुड़ी बड़ी खबर है। इंटरमीडिएट परीक्षा में अंग्रेजी का पेपर लीक हो गया है। इसके चलते 24 जिलों में परीक्षा रद्द कर दी गई है। पेपर के दोनों सेट लीक हो गए हैं। इंटर के छात्रों की दोपहर 2 बजे से पेपर था। लेकिन, परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले ही पेपर लीक हो गया है। इसके बाद आनन-फानन में बोर्ड अधिकारियों ने पेपर को रद्द कर दिया। लेकिन अन्य 51 जिलों में परीक्षा हो रही है। बलिया के DIOS को निलंबित कर दिया गया है।
Source :- “दैनिक भास्कर”
