• May 4, 2024 1:28 pm

51 हजार कार्यकर्ताओं को देंगे छत्तीसगढ़ जीतने का मंत्र; आधी रात चौक-चौराहों पर सजाए जाते रहे फूल

09  सितंबर 2022 | भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा शुक्रवार को सुबह 10:30 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से स्वागत के बाद युवा मोर्चा की बाइक रैली के साथ 11 वो तेलीबांधा दीनदयाल उपाध्याय चौक पहुंचकर माल्यार्पण करेंगे। यहां से रोड शो करते हुए भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर पहुंचेंगे। दोपहर 1 से 2 बजे के नड्डा साइंस कॉलेज मैदान में बूथ अध्यक्ष, मंडल ,जिला व प्रदेश पदाधिकारियों की सभा को संबोधित करने पहुंचेंगे।

कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रसाद नड्डा, भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचकर प्रदेश के पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। नड्डा के रोड शो का जिम्मा बृजमोहन अग्रवाल को मिला है। गुरुवार की रात 3 बजे तक वो तैयारियों का जायजा लेते रहे। तेलीबांधा थाना चौक को फूलों से सजवाते और जिस खुले वाहन में नड्‌डा रोड शो करते हुए शहर में प्रवेश करेंगे, उसका जायजा लेते रहे।

बृजमोहन ने बताया कि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए जोश से भरा है। जहां-जहां से राष्ट्रीय अध्यक्ष का काफिला गुजरेगा वहां पूरे रोड को दुल्हन की तरह सजाया गया है। 1 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता बाइक पर आगवानी करते हुए दीनदयाल उपाध्याय चौक से भाजपा जिला कार्यालय एकात्म परिसर तक जाएंगे। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में भी शामिल होंगे। हर जगह स्वागत के लिए दो हजार से ज्यादा लोग मौजूद रहेंगे। 15 स्थानों पर स्टेज को सजाया गया है।

इस दौरान मानव श्रृंखला के रुप में जनता और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। जो गुलाब की पंखुड़ियों से राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करेंगे। बीजेपी के पोलिंग बूथ स्तर के अध्यक्ष से लेकर शक्ति केंद्र के संयोजक, प्रभारी, सह प्रभारी समेत 50 हजार कार्यकर्ता साइंस कॉलेज के मैदान में मौजूद रहेंगे। रोड शो के प्रभारी पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि ऐसा रोड शो और स्वागत होगा जो रायपुर शहर में कभी नहीं हुआ । 50 से भी ज्यादा नर्तकों के द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का स्वागत अभिनंदन किया जाएगा।

इन जगहों पर स्वागत की तैयारी
सबसे पहले माना एयरपोर्ट पर अभनपुर विधानसभा और माना मंडल के कार्यकर्ता नड्डा का स्वागत करेंगे। इसके बाद दिनदयाल उपाध्याय चौक (तेलीबांधा थाना) पर आरंग विधान सभा के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे। अंडर ब्रिज के ऊपर महासमुंद जिले के कार्यकर्ता पुष्प वर्षा करेंगे। जैतखाम के सामने (तेलीबांधा) रायपुर ग्रामीण विधानसभा के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे। मरीन ड्राइव (तेलीबांधा चौक) पर रायपुर उत्तर के कार्यकर्ता तो भगतसिंह चौक पर धरसींवा विधानसभा के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे।

वहीं स्वर्ण जयंती तिराहा (गांधी उद्यान) में भाठापार और साक्षरता चौक (राजभवन तिराहा) पर बलौदाबाजार विधानसभा के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे। अंबेडकर चौक (कलेक्टर चौक) पर महिला मोर्चा रायपुर के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे तो नगर घड़ी चौक पर धमतरी जिले के कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। शास्त्री चौक (डीकेएस के सामने) रायपुर दक्षिण विधानसभा के कार्यकर्ता तो चावला पट्रोल पंप के पास (कचहरी चौक) पर अधिवक्ता और डॉक्टर्स स्वागत करेंगे। मेकाहारा चौक (मरही माता मंदिर टर्निंग) पर रायपुर पश्चिम विधानसभा तो एकात्म परिसर (रजबंधा मैदान) पर मोर्चा और प्रकोष्ठ के लोग अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करेंगे।

Source:-“दैनिक भास्कर”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *