• July 4, 2024 10:58 pm

जन्मदिन मनाना चाह रहा था 6 साल का बच्चा; डॉक्टरों ने टोपी, बलून मंगाए, केक काटा, पर लिवर फेल है… इसलिए खुद खा नहीं पाया

21जुलाई 2022 हमीदिया अस्पताल के पीडियाट्रिक मेडिसिन विभाग के पीआईसीयू में उस वक्त माहौल खुशनुमा हो गया है, जब यहां भर्ती 6 साल के बच्चे का जन्मदिन मनाया गया। स्टॉफ ने परिजनों के साथ मिलकर ना सिर्फ बच्चे के बेड के आसपास सजावट की, बल्कि केक भी काटा गया।

हालांकि, गंभीर हालत के चलते बच्चा केक खा नहीं पाया। बताया गया है कि विदिशा निवासी 6 साल के इस बच्चे का लीवर फेल हो गया है। ऐसे में वह खून की उल्टियां कर रहा है। 11 जुलाई से बच्चे को यहां भर्ती रखा गया है। पिछले तीन दिन से वह वेंटिलेटर पर है।

बच्चे के बेड के आसपास स्टाफ ने की सजावट

बुधवार को बच्चे का जन्मदिन है ये बात डॉक्टरों को मंगलवार को उस वक्त पता चली, जब बच्चा अपनी मां से खुद का जन्मदिन मनाने के लिए जिद कर रहा था। मां बार-बार बच्चे से जन्मदिन नहीं मनाने का कह रही थी। तबी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने कुछ करने का मन बनाया।

बुधवार सुबह ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों के साथ ही अन्य स्टाफ ने बच्चे से पूछा कि उसे जन्मदिन पर क्या चाहिए तो बच्चे ने केक, बिस्किट, चिप्स और बलून की डिमांड रख दी। ऐसे में स्टाफ ने बलून से उसके बेड के आसपास सजावट की, उसे टोपी भी पहनाई और उसके ऊपर बलून भी लगाया। यह सब देख बच्चा भी बहुत खुश हुआ। इसके बाद केक काटा गया, लेकिन सभी लोग उस वक्त भावुक हो गए, जब बच्चे को केक नहीं खिलाया गया। अब बच्चे के मां और बाप को करिश्मा होने की उम्मीद है।

मासूम की मुस्कान से हुए सब भावुक- लिवर फेल होने से बच्चे को ना सिर्फ खून की उल्टियां हो रही हैं, बल्कि उसे मल के रास्ते भी खून आ रहा है। यही वजह है कि उसे फिलहाल कुछ भी खाने को नहीं दिया जा रहा है। हालांकि, जन्मदिन के आयोजन से मासूम के चेहरे पर मुस्कान खिल उठी। इसे देख सभी भावुक हो गए थे।

महीनेभर पहले… मनाया था बहन का जन्मदिन, तभी से बच्चा था उत्साहित

मनाया था बहन का जन्मदिन, तभी से बच्चा था उत्साहित
पिछले महीने इस मासूम की बहन का जन्मदिन था। तब इसकी हालत कुछ ठीक थी। परिवार ने बहन का जन्मदिन मनाया तो बच्चे ने भी पूरे उत्साह से इसमें हिस्सा लिया था। इस दौरान उसने अपने जन्मदिन के मौके पर खूब धमाल मचाने की तैयारी की थी। लेकिन, पिछले दिनों तबीयत में आए उतार-चढ़ाव के चलते 11 जुलाई को परिजनों ने उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती किया। यहां बच्चे का इलाज चल रहा है। तीन दिन पहले इस मासूम को वेंटिलेटर लगाया गया है।

source “दैनिक भास्कर”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *