21 जून 2023 ! ये पहला मौका नहीं है जब पीएम नरेंद्र मोदी अमेरिका जा रहे हों. इससे पहले कई मौकों पर वह अमेरिका जा चुके हैं.
लेकिन ये पीएम मोदी की पहली स्टेट विज़िट है जिसका निमंत्रण सीधे अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की ओर से आया है. जून की 21 से 24 तारीख तक चलने वाले इस दौरे पर जो बाइडन ही मोदी की मेज़बानी करेंगे.
लेकिन ऑफिशियल स्टेट विज़िट यानी राजकीय यात्रा का मतलब क्या होता है और दूसरे दौरों की तुलना में इसकी अहमियत अधिक क्यों मानी जाती है.
विदेशी ज़मीन पर होने वाली ऑफिशियल स्टेट विज़िट की पहल किसी भी देश के प्रमुख यानी हेड ऑफ स्टेट के ज़रिए ही की जाती है.
इसे किसी व्यक्ति या नेता के दौरे की बजाय एक देश के दौरे के तौर पर बयां किया जाता है.
अमेरिका में होने वाली ऑफिशियल स्टेट विज़िट हमेशा अमेरिकी राष्ट्रपति के न्योते पर ही आयोजित होती है.
जैसा कि इस बार अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यह न्योता भेजा है.
उन्हें आधिकारिक तौर पर खाने का न्योता भी दिया जाता है.
अगर अमेरिका में पीएम मोदी के ऑफिशियल स्टेट विज़िट में होने वाले प्रोग्राम की बात करें तो पीएम मोदी 21 जून को न्यूयॉर्क में मौजूद संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे.
इसके बाद 22 जून को वो वॉशिंगटन पहुंचेंगे, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन उनका स्वागत करेंगे. फिर पीएम मोदी को 21 तोपों की सलामी दी जाएगी.
इसी दिन पीएम मोदी अमेरिकी संसद की संयुक्त बैठक को भी संबोधित करेंगे. वो साल 2016 में भी अमेरिकी संसद को संबोधित कर चुके हैं, ऐसे में दो बार अमेरिकी संसद को संबोधित करने वाले वो भारत के पहले प्रधानमंत्री होंगे.
इसके बाद 22 जून की शाम को ही राष्ट्रपति बाइडन और उनकी पत्नी जिल बाइडन पीएम मोदी के लिए ऑफिशियल डिनर की मेज़बानी करेंगे.
23 जून को पीएम मोदी अमेरिका की उप राष्ट्रपति कमला हैरिस और विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन से मिलेंगे जहां पीएम मोदी के लिए लंच का आयोजन किया जाएगा.
इसी दिन पीएम मोदी वॉशिंगटन में मौजूद कई कंपनियों के सीईओ और दूसरी महत्वपूर्ण शख़्सियतों से भी मुलाकात करेंगे. और वो भारतीय मूल के लोगों से भी मिलेंगे.
सोर्स :-“BBC न्यूज़ हिंदी”
