03 मई 2022 | शानदार अदाकारी करने वाली निमरत कौर को फिल्म ‘दसवीं’ के लिए 15 किलो वजन बढ़ाना पड़ा था। द लंचबॉक्स और एयरलिफ्ट जैसी फिल्मों में निमरत की एक्टिंग को बहुत सराहना मिली थी। ‘दसवीं’ फिल्म में निमरत के जोड़ीदार अभिषेक बच्चन हैं। इसमें बिमला का किरदार निभा रही निमरत ने इंस्टाग्राम पर अपनी तस्वीरें शेयर कीं। अपनी फिटनेस जर्नी (Fitness Journey)के बारे में तो निमरत ने बताया ही, साथ ही इस बात का भी जिक्र किया कि उन्हें बड़े हुए वजन को लेकर किस तरह की ट्रोलिंग और बॉडी शेमिंग का सामना करना पड़ा।
अपने हालिया पोस्ट में निमरत (Nimrat Kaur) ने लिखा, “उस युग में जहां कैसा दिखना ‘चाहिए’, जिसमें लिंग, उम्र, पेशा सब शामिल है, मैं अपनी जिंदगी का एक हिस्सा साझा कर रही हूं जिससे मिली सीख मुझे उम्र भर याद रहेगी. आपको मेरे साथ इसे झेलना पड़ेगा, ये 10 महीनों की लंबी जर्नी का छोटा सा हिस्सा नहीं है।”
वजन बढ़ने (Weight Gain) को लेकर निमरत ने बताया कि उन्हें अपनी फिल्म के लिए 15 किलो तक वजन बढ़ाना पड़ा था। इसके पीछे कारण था कि अपने असल रूप से बिलकुल अलग और ना पहचाने वाला दिखना। निमरत ने बताया कि वे नहीं जानती थीं कि बड़े हुए वजन की वजह से आगे उन्हें क्या-क्या सहना पड़ेगा। निमरत लिखती हैं, “मुझे हाई कैलोरी मील खाते देख मेरे आसपास के कुछ लोगों को लगने लगा कि उनके पास अधिकार है यह कहने का कि मैं कुछ गलत कर रही हूं. कभी मुझपर कोई टिप्पणी, मजाक या मुझे बिन मांगी सलाह दी जाने लगी.” निमरत ने यह भी कहा कि यह जाने बिना कि उनके वजन बढ़ने का क्या कारण है लोग अपने काम से मतलब रखने की बजाय उनके बड़े हुए शरीर पर कॉमेंट करने लगे.
हालांकि, निमरत अपने पुराने वजन में लौट आई हैं और कहना गलत नहीं होगा कि पहले से भी ज्यादा फिट (Fit) हो चुकी हैं, सिर्फ शारीरिक ही नहीं मानसिक रूप से भी, लेकिन यह पूरी जर्नी उनके लिए आसान नहीं रही है. वर्कआऊट Workout) से निमरत अपनी शेप में वापस तो आई हैं, लेकिन उन्होंने इसके साथ बहुत कुछ सीखा-समझा भी है. निमरत ने अपना पोस्ट खत्म करते हुए बताया, “दयालु बनिए, संवेदनशील बनिए और आभारी बनिए. किसी का दिन आप अच्छा नहीं बना सकते तो बुरा भी मत बनाइए. जिम्मेदार बनिए. सिर्फ अपने शरीर और दिमाग से मतलब रखिए किसी और के नहीं”
दसवीं फिल्म को लेकर निमृत ने बताए थे कई राज
जब फिल्म मेकर पहली बार मेरे पास स्क्रिप्ट लेकर आए, तब मेरा पहला रिएक्शन यही था कि कहीं वे मुझे कास्ट करने के लिए अपना मन ना बदल दें (मुस्कुराते हुए)। यकीन मानिए फिल्म की हामी के लिए मैंने स्क्रिप्ट भी नहीं पढ़ी थी, उनकी बस एक लाइन ने मुझे इम्प्रेस कर दिया -‘ये किरदार एक गांव की पॉलिटिशियन हैं, जिसे पहले कुछ बोलना नहीं आता। लेकिन, बाद में उसे पावर का नशा हो जाता है। मेकर्स की इस बात से मैं बहुत इम्प्रेस हो गई थी।
15 किलो वजन बढ़ाना था बहुत चैलेंजिंग
निमृत कहती हैं- बिमला देवी के किरदार के लिए 15 किलो वजन बढ़ाया, जो बहुत चैलेंजिंग था। वजन बढ़ाने के लिए हमने एक न्यूट्रिशनिस्ट को नियुक्त किया था। दिल्ली से मेरी मां अलग-अलग तरह के पराठे बनाकर उसे फ्रीज करके मुझ तक पहुंचाती थी। तुषार (फिल्म के डायरेक्टर) भी अपने घर से मिठाई, समोसे, गाजर का हलवा, जलेबी आदि चीजें मंगवाते थे, ताकि मेरा वजन बढ़े।
बढ़ा हुआ वजन बहुत दुखदायक था-मेंटली और फिजिकली
निमृत ने बोला-कई सालों से इस फील्ड से जुड़ी हूं। लेकिन, जो बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन इस किरदार के लिए करना पड़ा वो वाकई में काफी कठिनाइयों से भरा था। खाना खाने को अपना काम बना दिया था, जो मेरे लिए प्रोब्लेमैटिक हो गया था। एक वक्त के बाद मेरे अंदर डर बैठ गया था कि कहीं मैं 70 किलो की रह ना जाऊं। डर था कि क्या मैं अपने पुराने लुक में आ पाउंगी। मुझे अपने किरदार में ढलने के लिए तकरीबन 6-7 महीने लगे थे। दिवाली 2020 के बाद मैंने अपना वजन बढ़ाना शुरू कर दिया था। फरवरी 2021 में हमने शूट शुरू किया। इस बीच लॉकडाउन लग गया। मेरी 3 दिन की शूटिंग बची थी। चाहकर भी मैं अपना वजन घटा नहीं सकती थी।
तकरीबन 4 महीने तक मुझे ऐसा ही खुद को संभालना था, जो बहुत दुखदायक था- मेंटली और फिजिकली। ऐसा लग रहा था कि मैं कहां फंस गई। मुझे सोने में तकलीफ होती थी, मेरे घुटने और जॉइंट्स दर्द होते थे। खुद को पॉजिटिव रखती थी, ये सोचकर कि ये दिन भी निकल जाएगा। जब शूटिंग खत्म हुई, तब मैंने वजन घटाना शुरू किया।
Source;- ‘’दैनिक भास्कर’
