सोनीपत : पर्यावरण मित्र मंडली की ओर से एक पेड़ राष्ट्र के नाम अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस लाइन में अभियान के दौरान 86 वर्षीय बुजुर्ग महिला अंगूरी देवी भी इससे जुड़ीं और उन्होंने पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पर्यावरण मित्र व ट्री-मैन के नाम मशहूर देवेंद्र सूरा ने बताया कि पर्यावरण मित्र मंडली की तरफ से पौधारोपण अभियान को जनांदोलन बनाने के लिए दिन-रात पर्यावरण परिवार के सदस्य मेहनत कर रहे हैं। जन्मदिन, शादी आदि खुशियों के मौके पर आसपास के क्षेत्र में पौधा रोपित कर उनकी देखभाल करने के लिए मंडली प्रेरित कर रही है। इसी के तहत फिलहाल एक पेड़ राष्ट्र के नाम अभियान भी चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बुधवार को पुलिस लाइन में पौधारोपण किया जा रहा था। इसी दौरान 86 वर्षीय बुजुर्ग अंगूरी देवी ने भी अभियान से जुड़कर पीपल का पौधा लगाया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने जन्मदिन पर पौधा रोपित करना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ी के लिए वायु की शुद्धता में कमी न हो सके। इस दौरान नीम, बरगद, पीपल के पौधे भी रोपित किए गए। इसके अलावा पक्षियों के लिए विशेष तौर पर गुलर के पौधे रोपित किए गए हैं। इस मौके पर पवन, अंकित, लाल सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे।