• April 29, 2024 3:55 am

जिले में दो और नए धान खरीदी केंद्र को मिली मंजूरी, किसानों को होगी सुविधा

26 नवंबर 2022 |  राज्य शासन द्वारा ग्रामीणों, किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महासमुंद जिले के विकासखंड सरायपाली के बहेरापाली और पिथौरा के डोंगरीपाली ‘छ’ में नवीन केंद्र खोलने की अनुमति दी है। राज्य शासन के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग मंत्रालय (महानदी भवन) से इस आशय के आदेश शुक्रवार को जारी कर दिए है। जारी आदेश में कहा गया है कि खरीदी केंद्र में धान बिक्री के लिए निकटतम ग्रामों का निर्धारण कलेक्टर द्वारा किया जाएगा। नवीन धान खरीदी केंद्र खुल जाने से ग्राम के आसपास के ग्रामीणों, किसानों को धान बेचने में सुविधा होगी। जिले में अब धान उपार्जन केंद्र की संख्या बढ़कर 162 हो गई है।

धान उपार्जन केन्द्रों की संख्या बढ़ी

कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर ने नए धान खरीदी केंद्र की आवश्यक तैयारी करने तथा नवीन खरीदी केंद्र में धान बिक्री के लिए निकटतम ग्रामों का निर्धारण करने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। बता दें कि महासमुंद जिले में पिछले खरीफ सीजन में 152 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी की जाती थी। चालू खरीफ सीजन में पहले चरण में तीन नए धान खरीदी केंद्र खुलने की अनुमति मिली। उसके बाद पांच नए धान खरीदी केंद्र खोलने की स्वीकृति मिली।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने जारी किए आदेश

शुक्रवार को दो और नवीन केंद्र खुलने की अनुमति दी गई है। इस चालू खरीफ सीजन में 10 नवीन धान खरीदी केंद्र खुलने की अनुमति प्रदान की गई है। 10 नवीन धान खरीदी केंद्र खुल जाने से अब जिले में 162 धान उपार्जन केंद्र हो जाएंगे, जिससे आसपास के किसानों को अपनी उजप की बिक्री करने में सुविधा होगी। जिले में इस वर्ष धान खरीदी की अनुमानित मात्रा 86 लाख क्विंटल से अधिक लक्ष्य निर्धारित है। इन उपार्जन केंद्रों में बीते एक नवंबर समर्थन मूल्य पर किसानों से धान खरीदी शुरू हुई है।

सोर्स :-“नईदुनिया”                                

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *