• June 6, 2026 6:52 pm

खिलौने के धोखे जिंदा बम उठा लिया, पंजाब-हरियाणा सीएम आवास मचा था हड़कंप

Share More

03  जनवरी 2023 |  चंडीगढ़ में पंजाब और  हरियाणा के मुख्यमंत्रियों के आधिकारिक आवासों से लगभग आधा किलोमीटर दूरी पर बम का एक खोल मिला था. इसके बाद हड़कंप मच गया था और बात सेना तक पहुंच गई. ये बम पंजाब के नयागांव-कांसल मार्ग पर मिला था. इसको लेकर एक और खुलासा हुआ है. एक शख्स सुबह आम के बाग के पास शौच के लिए गया था. तभी उसको वहां खिलौने की तरह एक वस्तु दिखाई दी. वो उसको वहां से उठाकर ले गया.

अभी तक इस व्यक्ति को ये भी आभास नहीं था कि जो खिलौना समझकर अपने पास रखे हुए है वो बम है. ये व्यक्ति चाय का खोका भी लगाता था. उसने अपनी दुकान पर ही बम को रख दिया. थोड़ी देर बाद उसके यहां एक ग्राहक की नजर उसमें पड़ी. वो बोला कि ये बम है, ये कहां से मिला? ये सुनकर दुकनदार की हालत खराब हो गई लेकिन उसको अभी भी कस्टमर की बात पर यकीन नहीं हुआ. उसने पुलिस को सूचना देने की बजाय बम को उसी जगह पर रख आया जहां से वो उठाकर लाया था. कुछ देर बाद जब उसने हड़कंप मचते देखा तो पता चला की वो बम ही है.

सूचना मिलते ही मच गया था हड़कंप

सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे इलाको को घेर दिया. बम निरोधक दस्ता के साथ पुलिस की कई टीमें वहां पर तैनात हो गई. ये बहुत ही संवेदनशील इलाका है. यहां पर हरियाणा और पंजाब के सीएम के आवास, सचिवालय, हाईकोर्ट और मंत्रियों के आवास हैं. बम शेल मिलने की सूचना के बाद तुरंत सेना को भी पत्र लिखा गया. अधिकारियों ने बताया कि नयागांव-कांसल टी-प्वाइंट पर आम के एक बाग में बम मिला है जो हेलीपैड से करीब एक किलोमीटर दूर और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के आधिकारिक आवासों से करीब दो किलोमीटर दूर है.

बिना फटा बम मिला

अधिकारियों के अनुसार पुलिस को जैसे ही हाई सेक्युरिटी एरिया में बम जैसी वस्तु मिलने की जानकारी मिली, एक दल मौके पर पहुंचा और इलाके को घेर लिया. एक बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर भेजा गया। स्थानीय प्रशासन ने सेना को इस बारे में सूचना दे दी है. आपदा प्रबंधन, चंडीगढ़ के नोडल अधिकारी संजीव कोहली ने कहा, जब हम पहुंचे और पड़ताल की तो पाया कि यह बिना फटा बम था. हमने इलाके को घेर लिया है. यह जांच का विषय है कि यह यहां कैसे आया.

सेना को दी गई सूचना

उन्होंने कहा, पुलिस और बम निरोधक दस्ते की मदद से बम को एक ड्रम में रखा गया है और बालू के बोरों से ढक दिया गया है. सेना को सूचित कर दिया गया है. सेना के अधिकारी आकर इसे देखेंगे. कोहली ने कहा कि किसी कबाड़ विक्रेता द्वारा इसे यहां फेंकने की संभावना को खारिज नहीं किया जा सकता। पंजाब के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ए के पांडेय मौके पर पहुंचे. उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि यह एक गोला है जो चल नहीं पाया. उन्होंने कहा कि इस इलाके में अनेक कबाड़ विक्रेता हैं।

बम कहां से आया…जांच चल रही

उन्होंने कहा, यह इलाका (पंजाब के) मुख्यमंत्री के आवास से करीब ढाई किलोमीटर दूर है. ऐसा नहीं लगता कि किसी ने बम लगाया है. चंडीगढ़ की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनीषा चौधरी ने कहा, चंडीगढ़ पुलिस के बम निरोधक दस्ते ने मौके का निरीक्षण किया है और मिली वस्तु की जांच की है. इस वस्तु को सुरक्षित तरीके से अलग कर लिया गया है और हमने चंडीमंदिर में सेना के अधिकारियों को सूचित कर दिया है. उन्होंने कहा, हमने (सेना के) बम निरोधक दस्ते से यहां आने और इसे निष्क्रिय करने का अनुरोध किया है.

एसएसपी मनीषा चौधरी ने कहा कि सेना के अधिकारी ही बता पाएंगे कि यह वस्तु किस प्रकार की है. उन्होंने कहा कि आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएंगे और पता लगाया जाएगा कि बम यहां कैसे पहुंचा. एसएसपी ने कहा, हमने इस इलाके को घेर लिया है और आसपास में रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने तथा इस जगह से सुरक्षित दूरी बनाकर रखने का आग्रह किया है.

सोर्स :- ” TV9 भारतवर्ष |”   

Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *