06 जनवरी 2023 | देश में ठंड का सितम जारी है। आलम ये है 50 डिग्री तक का तापमान सहन करने वाला राजस्थान -6 डिग्री तापमान से ठिठुर रहा है। शिमला-नैनीताल से ज्यादा सर्दी दिल्ली में पड़ रही है। राष्ट्रीय राजधानी में आज तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। घने कोहरे के कारण सुबह विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर तक रह गई।
दिल्ली में शीत लहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कानपुर में रात का तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, 7 जनवरी से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी फिर शुरू होगी। इससे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान और गिर सकता है, जिससे ठंड बढ़ेगी।
श्रीनगर में गुरुवार की रात न्यूनतम तापमान -5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि काजीगुंड में न्यूनतम तापमान -5.8 डिग्री, कुपवाड़ा में -5.6 डिग्री, गुलमर्ग में -5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में कई जगहों पर बर्फबारी की आशंका है।
दिल्ली: आयानगर में न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज
दिल्ली के आयानगर में न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सफदरजंग में पारा चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो डलहौजी (8.7 डिग्री), धर्मशाला (5.4 डिग्री), शिमला (6.2 डिग्री), देहरादून (4.4 डिग्री), मसूरी (6.4 डिग्री) और नैनीताल (6.5 डिग्री) से कम है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 जनवरी तक तक दिल्ली में कोहरा छाया रहेगा।
उधर, दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए कोहरे का अलर्ट जारी किया है। एयरपोर्ट ने बताया कि फ्लाइट पकड़ने के लिए घर से निकलने से पहले यात्रियों को संबंधित एयरलाइंस से संपर्क कर लेना चाहिए। कोहरे की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट पर करीब 30 उड़ानें और दिल्ली पहुंचने वाली कम से कम 26 ट्रेनों में देरी हुई।
उत्तर प्रदेश में डार्क यलो अलर्ट जारी
मध्य भारत में औसत तापमान 22.69 डिग्री रहा
मध्य भारत, ओडिशा, उत्तरी छत्तीसगढ़ और पूर्वी गुजरात में औसत तापमान 22.69 डिग्री रहा। मध्य भारत, पूर्वी और पूर्वोत्तर में बीता दिसंबर दिन के समय इतिहास में सबसे गरम रहा। IMD के मुताबिक गुरुवार की सुबह दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में घना कोहरा छाया रहा।
2022 का दिसंबर 122 साल में सबसे कम सर्दी वाला
2022 का दिसंबर महीना 122 साल में सबसे कम सर्दी वाला रहा। दिसंबर में देश का औसत तापमान 21.49 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 1901 के बाद सबसे अधिक है। यह औसत सामान्य तापमान से एक डिग्री ज्यादा है। इससे पहले 2008 में औसत तापमान 21.46 डिग्री रहा था। हालांकि, दिन और रात के तापमान इतिहास में दूसरे सबसे गर्म दर्ज हुए हैं।
दिसंबर में औसत न्यूनतम तापमान 15.65 डिग्री रहा, जो दिसंबर 2008 के बाद दूसरा सबसे अधिक था। 2008 में औसत न्यूनतम तापमान 15.69 डिग्री रहा था। इसी तरह, दिसंबर 2022 का औसत अधिकतम तापमान 27.32 डिग्री दर्ज हुआ। इससे अधिक तापमान सिर्फ एक बार 2016 में 27.75 डिग्री दर्ज हुआ था।