• June 6, 2026 5:49 am

तेंदूपत्ता अग्निकांड मामले में कार्रवाई, दो वनकर्मी निलंबित

Share More

बीजापुर। जिले के ईटपाल स्थित तेंदूपत्ता गोदाम में 25 मई को हुए अग्निकांड मामले में वन विभाग ने दो वनकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित कर्मचारियों में गोदाम सहायक एवं वनरक्षक सुनील बुरका तथा वनरक्षक कामेश्वर एनका शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, जिला यूनियन बीजापुर की आठ प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के 13 तेंदूपत्ता लॉट का भंडारण ईटपाल स्थित अताउर रहमान के गोदाम में किया जा रहा था। आग लगने की इस घटना में करीब 6.77 करोड़ रुपये मूल्य का तेंदूपत्ता जलकर राख हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीजापुर वनमंडलाधिकारी ने दोनों कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए निलंबन का प्रस्ताव इंद्रावती टाइगर रिजर्व के उप निदेशक को भेजा था, जिसके बाद निलंबन की कार्रवाई की गई।
संग्राहकों के भुगतान पर नहीं पड़ेगा असर
घटना के बाद तेंदूपत्ता संग्राहकों के बीच भुगतान को लेकर बनी चिंता को दूर करते हुए जिला यूनियन बीजापुर ने स्पष्ट किया है कि आगजनी की इस घटना का संग्राहकों के पारिश्रमिक पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। वर्ष 2026 में तेंदूपत्ता संग्रह करने वाले सभी संग्राहकों को शासन द्वारा निर्धारित 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से भुगतान किया जाएगा।
जांच जारी, और कार्रवाई संभव
वन विभाग ने बताया कि आगजनी के कारणों की विस्तृत जांच जारी है। जांच में यदि अन्य अधिकारी, कर्मचारी या किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ईटपाल अग्निकांड पहले ही करोड़ों रुपये की क्षति और विभागीय लापरवाही के आरोपों को लेकर चर्चा में है। ऐसे में अब जांच रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *