• June 7, 2026 10:39 pm

 CM का ऐलान,समरस पंचायत चुनने वाली पंचायतों को मिलेगी 15 लाख रुपये प्रोत्साहन राशि

Share More

27 मई 2022 |

सार

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंचायतों को विकास की दृष्टि से आदर्श बनाने के लिए अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार देने का ऐलान किया है। इसमें निर्विरोध सरपंच एवं पंच यानी समरस पंचायत चुनने पर प्रोत्साहन राशि सरकार देगी।

विस्तार

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंचायतों को विकास की दृष्टि से आदर्श बनाने के लिए अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार देने का ऐलान किया है। इसमें निर्विरोध सरपंच एवं पंच यानी ‘समरस पंचायत’ चुनने पर सरकार प्रोत्साहन राशि देगी। वहीं, 4 अलग-अलग श्रेणी में 50 से 15 लाख रुपये तक के पुरस्कार की घोषणा की है। 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को ट्वीट कर जानकारी दी कि किसी भी पंचायत में सरपंच का निर्वाचन अगर निर्विरोध रूप से किया जाता है तो उस ‘समरस’ पंचायत को 5 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। सरपंच पद के लिए वर्तमान निर्वाचन एवं पिछला निर्वाचन निरंतर निविरोध रूप से होने पर पंचायत को 7 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जएगी। वहीं, यदि संपूर्ण पंचायत यानी सभी पंच एवं सरपंच निर्विरोध निर्वाचित होते हैं तो पंचायत को प्रोत्साहन स्वरूप 7 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।

पंचायत में सरपंच एवं पंच के सभी पदों पर महिलाओं का निर्वाचन होता है तो पंचायत को 12 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। यदि पंचायत में सरपंच एवं पंच के सभी पदों पर महिलाओं का निर्वाचन निर्विरोध रूप से होने पर पंचायत को 15 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

4 श्रेणियों में दिए जाएंगे पुरस्कार
पंचायतों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर पंचायत का पुरस्कार, जल परिपूर्ण पंचायत का पुरस्कार, स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित पंचायत का पुरस्कार और महिला एवं बाल हितैषी पंचायत का पुरस्कार भी दिया जाएगा। इन सभी श्रेणियों में तीन पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। इसमें प्रथम पुरस्कार 50 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 25 लाख रुपये और तृतीय पुरस्कार 15 लाख रुपये मिलेगा। इसमें महिला एवं बाल हितैषी पंचायत पुरस्कार में पंचायत को महिलाओं के आर्थिक समाजिक उन्नयन की गतिविधियों को प्रोत्साहन, बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए सभी संसाधनों से युक्त आंगनवाड़ियों, कुपोषण से मुक्ति, बेटियों और महिलाओं के कल्याण के लिए बनायी गई योजनाओं का लाभ दिलाना है।

Source;-“अमरउजाला”  


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *