नेटवर्क कनेक्टिविटी की समस्या के कारण यात्रियों को परिजनों से संपर्क करने में समस्या हो रही है. विभिन्न जगहों पर रुके यात्रियों के लिए प्रशासन के स्तर से पर्याप्त भोजन, पानी और आवासीय व्यवस्था भी की गई हैं.
मूसलाधार बारिश कई राज्यों में तबाही लेकर आई है. उत्तराखंड में हो रही मूसलाधार बारिश से भारी नुकसान हो रहा है और केदारनाथ धाम पहुंचे श्रद्धालुओं को भी काफी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं. यहां फंसे श्रद्धालुओं को प्रशासन की और से निकालने का काम तेजी से किया जा रहा है. केदारनाथ में आई आपदा के बाद से तीसरे दिन भी रेस्क्यू अभियान जारी है. आज सुबह 6 बजे से शुरू हुए रेस्क्यू अभियान में लिनचोली से लगभग 150 लोगों को हेली के माध्यम से शेरसी हेलीपैड भिजवाया गया. जिला प्रशासन की टीम के साथ एसडीआरएफ की टीम लगातार सर्च अभियान चला रही है. बड़ी लिनचोली से लेकर छोटी लिनचोली तक मलबे में शवों की खोज की जा रही है.
पत्थरों में मिला दबा हुआ शव
रेस्क्यू स्थल थारू कैंप के पास बड़े-बड़े पत्थरों में दबे एक शव को निकाला गया है. जिसके पास से दो मोबाइल व अन्य सामग्री प्राप्त हुई है. शव की पहचान शुभम कश्यप निवासी सहारपुर के रूप में हुई है. शव व प्राप्त सामग्री को चौकी लिनचोली के सुपुर्द किया गया है. रेस्क्यू टीम द्वारा मिसिंग की तलाश को लेकर थारू कैंप, छोटी लिनचोली में सर्चिंग की जा रही है. सर्चिंग के दौरान थारू कैंप में एक मोबाइल प्राप्त हुआ, जिसे चौकी लिनचोली के सुपुर्द कर दिया गाया है.
