11 जून 2022 | युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का शानदार मौका आया है। हाल ही में देश भर के राज्यों में 12,321 पदों पर भर्तियां चल रही हैं। इसके तहत क्लर्क, टीचर, जूनियर इंजीनियर, आंगनबाड़ी सहायिका, पंचायत सचिव, बैंक ऑफिसर सहित कई पद भरे जा रहे हैं। यहां जानिए, कहां-कहां मिल सकेंगे आपको अवसर-
IBPS भर रहा है 8106 पद, गांव के सरकारी बैंकों में अफसर बनने का शानदार मौका
इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनल सिलेक्शन यानी आईबीपीएस ने करीब 43 क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (आरआरबी) में कुल 8106 पदों पर भर्ती शुरू की है। इन पदों के तहत ऑफिस असिस्टेंट (मल्टीपर्पज), ऑफिसर स्केल-1, ऑफिसर स्केल-2 और ऑफिसर स्केल-3 की पोस्ट भरी जाएंगी।
योग्य कैंडिडेट ऑफिशियल वेबसाइट https://www.ibps.in/ पर जाकर 27 जून तक ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं।
बता दें कि 8000 से ज्यादा इन पदों में 4483 पद ऑफिस असिस्टेंट और 2676 पद ऑफिसर स्केल-1 के हैं। कैंडिडेट को इन पदों पर अप्लाई करने के लिए 850 रुपए एप्लिकेशन फीस के तौर पर भुगतान करने होंगे।
पदों के अनुसार ये है योग्यता : ऑफिस असिस्टेंट (मल्टीपर्पज) – इन पदों के लिए आवेदन के इच्छुक उम्मीदवारों को किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या किसी अन्य उच्च शिक्षा संस्थान से किसी भी विषय में स्नातक होना चाहिए।
ऑफिसर स्केल 1 – किसी भी विषय में स्नातक। निर्धारित विषयों में स्नातक को वरीयता दी जाएगी।
ऑफिसर स्केल 2 – न्यूनतम 50 फीसदी अंकों के साथ स्नातक। निर्धारित विषयों में स्नातक को वरीयता दी जाएगी।
ऑफिसर स्केल 3 – बीई/बीटेक/एमबीए (पदों के अनुसार अलग-अलग)।
अधिकतम आयु सीमा
- कार्यालय सहायक (बहुउद्देशीय) के लिए – 18 से 28 साल
- ऑफिसर स्केल – I (सहायक प्रबंधक) के लिए – 18 से 30 साल
- ऑफिसर स्केल – II (मैनेजर) के लिए – 21 से 32 साल
- ऑफिसर स्केल – III (सीनियर मैनेजर) के लिए – 21 से 40 साल
बिजली, परिवहन, सचिवालय सहित कई विभागों में 1508 वैकेंसी; क्लर्क, स्टेनो, इलेक्ट्रिशियन बनने का मौका
हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग (HPSSC), हमीरपुर कई सरकारी विभागों में खाली पड़े 1508 पदों को भरने के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इसके तहत लाइनमैन, इलेक्ट्रिशियन, स्टेनो टाइपिस्ट, क्लर्क, फिटर सहित कई पद भरे जाने हैं। इन पदों के लिए कैंडिडेट 30 जून तक ऑफिशियल वेबसाइट https://hpsssb.hp.gov.in/Welcome.aspx पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जहां तक योग्यता का सवाल है तो पदों के अनुसार योग्यता अलग-अलग निर्धारित की गई है। 10वीं-12वीं से लेकर से डिग्री धारकों तक के लिए इन पदों पर मौका है। विभिन्न ट्रेड में आईटीआई कर चुके युवाओं के लिए भी अवसर है। 18 से 45 आयु वर्ष के कैंडिडेट आवेदन कर सकते हैं। अधिकतम आयु सीमा में आरक्षित वर्ग को पांच वर्ष तक छूट का प्रावधान है।
कर्मचारी चयन आयोग शिक्षा, राज्य बिजली बोर्ड, हिमाचल पथ परिवहन विभाग और स्वास्थ्य विभाग समेत विभिन्न सरकारी विभागों में 50 पोस्ट कोड के तहत 1508 पद भर रहा है।
सबसे अधिक 555 पद बिजली बोर्ड में भरे जाएंगे। इनमें लाइनमैन के 186 पद, सब स्टेशन अटेंडेंट के 163, इलेक्ट्रिशियन के 112, पावर हाउस इलेक्ट्रिशियन के 22, इलेक्ट्रिशियन एमएंडटी के 22, स्टेनो टाइपिस्ट के 47 और फिटर के 25 भरे जाएंगे।
प्रारंभिक शिक्षा विभाग में ड्राइंग मास्टर के 314 पद भरेंगे। परिवहन निगम में जेओए अकाउंट्स के 23 और कंप्यूटर ऑपरेटर के 12 पद भरेंगे। प्रदेश पशुपालन विभाग में वेटरनेरी फार्मासिस्ट के 188 पद, सचिवालय प्रशासनिक सेवा में क्लर्क के 82 पद भरेंगे।
एप्लिकेशन फीस: सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए 360 शुल्क है। सामान्य श्रेणी बीपीएल, दिव्यांग, स्वतंत्रता सेनानी आश्रित और पूर्व सैनिकों के आश्रितों, एससी, एसटी, ओबीसी के लिए 120 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। महिला कैंडिडेट और पूर्व सैनिकों के लिए कोई शुल्क नहीं है। शुल्क क्रेडिट और डेबिट कार्ड तथा नेटबैंकिंग से जमा करवा सकते हैं।
1395 पदों पर निकली भर्ती, 20 से 63 हजार होगी सैलरी, 48 साल तक के कैंडिडेट कर सकेंगे अप्लाई
जम्मू और कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (JKSSB) ने पंचायत सचिव 1395 पदों को भरने के लिए एप्लिकेशन प्रोसेस शुरू कर दी है। योग्य उम्मीदवार जेकेएसएसबी के आधिकारिक वेबसाइट https://jkssb.nic.in/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की आखिरी तारीख 06 जुलाई है।
इन पदों के लिए कैंडिडेट कम से कम 18 वर्ष और अधिक से अधिक 40/43/48 वर्ष (कैटेगरी के अनुसार) तक होनी चाहिए। कैंडिडेट के पास किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल होनी चाहिए। योग्य कैंडिडेट का सिलेक्शन रिटेन टेस्ट के माध्यम से किया जाएगा।
जनरल कैटेगरी के उम्मीदवार को एप्लिकेशन फीस के तौर पर 500 रुपए देने होंगे। वहीं, एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और पीडब्ल्यूडी उम्मीदवार को निर्धारित माध्यम से 400 रुपए जमा करने होंगे।
एलिजीबल कैंडिडेट का सिलेक्शन हो जाने के बाद हर महीने 19,900 से 63,200 तक सैलरी होगी।
सोर्स;- ‘’दैनिकभास्कर’’
