• June 6, 2026 11:51 am

सीएम बघेल बोले-हमारे अन्नदाता प्रसन्न रहे यही हमारी कोशिश, ग्रामीणों को दी कई सौगाते

Share More

 29 जून 2021 | मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इन दिनों छत्तीसगढ़ की सभी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं इस दौरान वह भेंट-मुलाकात अभियान जरिए लोगों से मुलाकात भी कर रहे हैं. कोरिया जिले के भरतपुर विकासखण्ड के बहरासी गांव पहुंचकर सीएम बघेल ने हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर लोगों की समस्याएं सुनी. जहां उन्होंने जनता से राज्य शासन की योजनाओं पर फीडबैक लिया और ग्रामीणों की मांग पर क्षेत्र की विकास के लिए अनेक घोषणाएं की. 

सीएम ने दी कई सौगाते
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों में देवगुड़ी के निर्माण के लिए पांच-पांच लाख रुपए, बहरासी हायर सेकंडरी स्कूल के लिए नये भवन के निर्माण, रमदहा जलप्रपात को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने, जनकपुर-कोटाडोल सड़क के प्रभावितों के मुआवजे के लिए तीन करोड़ रुपए की घोषणा की. इसके अलावा उन्होंने माड़ीसराई में नए विद्युत उपकेंद्र की स्थापना, क्षेत्र के बिजली विहीन गांवों में बिजली पहुंचाने की व्यवस्था, केल्हारी में नए जिला सहकारी बैंक की शाखा, केल्हारी में नए स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने, कुवांरपुर और नागपुर को उपतहसील कार्यालय खोले जाने और जनकपुर ग्राम पंचायत को नगर पंचायत बनाये जाने की घोषणा की. जबकि अधिकारियों को कैम्प लगाकर बंदोबस्त त्रुटि सुधार करने के लिए भी निर्देशित किया. 

गोधन-न्याय योजना का लाभ सबको मिल रहा है 
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि हमारे अन्नदाता प्रसन्न रहे यह हमारी सरकार की कोशिश है, प्रदेश में लोग गोधन न्याय योजना के अंतर्गत गोबर बेचकर भी पैसा कमा रहे हैं, ऐसी योजना पूरे देश और दुनिया में कहीं नहीं है. गौठान में हमारी स्व-सहायता समूह की बहनें विविध आर्थिक गतिविधियों के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त हो रही है. अब राज्य सरकार ने तय किया है कि गोबर के साथ गौ-मूत्र की भी खरीदी की जाएगी, जिससे भी पैसा मिलेगा. मुख्यमंत्री ने भेंट-मुलाकात के दौरान ग्रामीणों से ऋण माफी, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, राशनकार्ड, गोधन न्याय योजना, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना, मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक योजना सहित अनेक योजनाओं से मिल रहे लाभ के बारे में भी जानकारी ली. 

महिलाओं ने कमाए 13 लाख रुपए 
बहरासी में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में जनकपुर गौठान से आई नीलिमा ने मुख्यमंत्री बघेल को बताया कि उनके समूह को विगत दो वर्षों में 13 सौ क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट बेचकर लगभग 13 लाख रूपए की आमदनी हुई, जिससे समूह की महिलाओं ने पेवर ब्लॉक बनाने की मशीन खरीदी. समूह को 86 हजार की पेवर ब्लॉक के विक्रय से लगभग 13 लाख 76 हजार का आय प्राप्त हुआ. इसके अलावा समूह की सभी महिलाओं  द्वारा मसाला, अचार, पापड़, बड़ी बनाकर सी-मार्ट, मध्यान्ह भोजन एवं छात्रावास में बेचा जाता है. उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि गौठान से जुड़कर मुझे व्यक्तिगत रूप से 80 हजार रूपए की आमदनी हुई, जिसे मैंने अपने बच्चों की शिक्षा में खर्च किया. इस योजना के लिए उन्होंने सीएम बघेल का धन्यवाद भी जताया. 

वहीं मुख्यमंत्री ने भी महिला स्वसहायता समूह की महिलाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि नीलिमा बहन ने अपने जनकपुर की कहानी बताई, जिसमें वे न केवल वर्मी कम्पोस्ट बना रही बल्कि मसाला, पापड़, पेवर ब्लॉक जैसे विभिन्न आय मूलक गतिविधियां संचालित कर रही है, जिनसे उन्हें रोजगार मिला और उनके आय में भी वृद्धि हुई है. यह बताने का उद्देश्य है कि हमें सभी गांवों में इन गतिविधियों को संचालित करना होगा. जिससे रोजगार पाने के लिए हमें गांवों से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी, हमें अपने गांवों में ही रोजगार मिलेगा. जिसके लिए शासन पूरी तरह से समर्पित है. मुख्यमंत्री ने कहा कि जो महिलाएं एवं युवा साथी काम करना चाहते हैं, उन्हें संगठित होकर आगे आना होगा. राज्य शासन द्वारा ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण की तैयारी भी की गई है. इसके अंतर्गत सभी गौठानों में प्रशिक्षण की व्यवस्था की जा रही है. अब लघुवनोपजों से बने और गौठानों में बनने वाले उत्पादों के विक्रय के लिए प्रत्येक जिलों में सी-मार्ट भी खोल दिए है. इससे उत्पादकों को अपने उत्पादों के अच्छे दाम मिलने लगे है. 

Source;-“ZEE न्यूज़हिंदी”   


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *