22 मई 2023 ! मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज रविवार को भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का शुभारंभ किया। प्रदेश के अलग-अलग जिलों के करीब 32 बुजुर्ग तीर्थ यात्रियों को इंडिगो की फ्लाइट से प्रयागराज के लिए रवाना किया गया है। मध्यप्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जो कि बुजुर्गों को मुफ्त में हवाई जहाज से तीर्थ यात्रा का अवसर प्रदान कर रहा है। तीर्थयात्रियों को रवाना करने से पहले सीएम शिवराज ने बुजुर्ग तीर्थयात्रियों को शाल-श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया और उन्हें गले लगाकर उनका आशीर्वाद भी लिया।
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनावों में अब कुछ ही महीनों का समय शेष बचा है। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं सियासी बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोपों का दौर भी शुरू हो गया है। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने 1984 में हुए सिख दंगों को लेकर कमलनाथ पर बड़ा आरोप लगाया है। वीडी शर्मा ने कटनी प्रवास के दौरान कहा कि 1984 के सिख दंगों में एक नहीं हजारों लोगों की नृशंस हत्याएं हुईं, सीबीआई की इंक्वायरी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जिन्होंने दंगों को भड़काया था वह सज्जन कुमार जेल के अंदर हैं। दूसरे जगदीश टाइटलर के खिलाफ चार्जशीट पेश की है, जल्द ही वे जेल की सलाखों के पीछे होंगे। इन्हीं दंगों के आरोप में संदिग्ध मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमान कमलनाथ जी आपके हाथ 84 के दंगों के खून में सने हुए होने का आरोप है। जल्दी ही आपके ऊपर जो आरोप हैं वह तय होंगे।
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल आज (रविवार) सपरिवार बाबा महाकाल के दर्शन करने उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने गर्भगृह में बाबा महाकाल का पूजन अर्चन किया। बाबा की पूजा के बाद वह नंदी हॉल में बैठकर भगवान की भक्ति में लीन दिखे। उन्होंने ओम नमः शिवाय मंत्र का जाप करते हुए माला जपी और उसके बाद नंदी के कानों में अपनी मनोकामना भी कही। बाबा महाकाल का पूजन-अर्चन करने के बाद वे अन्य देवस्थलों पर पहुंचे। केंद्रीय मंत्री ने ई-कार्ट से महाकाल लोक का भ्रमण किया और इसकी खूबसूरती की तारीफ भी की। इस दौरान उनके साथ सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक पारस जैन और प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।
इंदौर शहर को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करने के लिए रविवार को दशहरा मैदान में सिंगल यूज प्लास्टिक की फेयरवेल पार्टी आयोजित की गई। इसके साथ ही सबसे बड़ी पोहा पार्टी भी हुई, जिसमें इंदौर के लोगों ने पोहे का खूब लुत्फ उठाया। इस मौके पर लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग ना करने व इसके उपयोग के दुष्परिणाम के संबंध में जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में पहुंचे मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि इंदौर से सिंगल यूज प्लास्टिक की स्थायी रूप से विदाई हो गई है। इंदौर लगातार सातवीं बार स्वच्छता में नंबर वन आने वाला है। सांसद शंकर लालवानी ने कहा हम लगातार स्वच्छता में जो नंबर वन आ रहे हैं उसके पीछे शहर की जनता है। मैं जहां भी जाता हूं मुझे इंदौरवासियों की तारीफ सुनने को मिलती है। बड़ा अच्छा लगता है।
सोर्स :-“अमर उजाला”
