06 फ़रवरी 2023 | हिमाचल सरकार एक माह में इलैक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी जारी करेगी। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र नादौन पहुंचे सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जहां जनसभा की, वहीं नशा कारोबारियों को भी हिमाचल छोड़कर जाने की चेतावनी दे डाली है। दारचा-शिंकुला मार्ग पर बीआरओ के 3 जवान हिमस्खलन की चपेट में आ गए हैं। घटना के बाद बीआरओ ने 2 कर्मचारियों के शव बरामद कर लिए हैं जबकि एक की तलाश जारी है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार के तुगलकी फरमानों के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चलाने की बात कही है। कुल्लू जिले के तहत 15 मील में फोटो खींचते समय एक पर्यटक की ब्यास नदी में गिरकर मौत हो गई। अमूल कंपनी के बाद वेरका कंपनी ने भी दूध के दाम 2 रुपए बढ़ा दिए हैं। भाजपा की 3 दिवसीय कार्य समिति में बागियों को पुन: पार्टी में वापस न लेने का फैसला लिया गया है। भाजपा कार्यसमिति की बैठक के दौरान केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने भारत की उपलब्धियों का बखान किया है। लाहौल-स्पीति जिला की स्पीति घाटी में रविवार सुबह लिंगटी के पास चट्टानें गिरने से काजा का सुमदो व किन्नौर घाटी से संपर्क कट गया। पर्यटन नगरी डल्हौजी के एक निजी होटल में जालंधर के एक पर्यटक की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।
सोर्स :-” पंजाब केसरी”
