• June 5, 2026 12:56 am

3,838 करोड़ के प्रोजेक्ट्स की शुरूआत करेंगे CM; खोराबार टाउनशिप-मेडिसिटी होगी लांच

Share More

27 मार्च 2023 |  योगी-2.0 के दूसरे साल की शुरुआत में ही विकास परियोजनाओं के रूप में उपहारों की बरसात होने जा रही है। मंगलवार और बुधवार को दो दिनों के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर और कुशीनगर जिले में कुल मिलाकर करीब छह हजार करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात देंगे।

सीएम मंगलवार को गोरखपुर के खोराबार में आयोजित कार्यक्रम में 3838 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण करेंगे तो बुधवार को कुशीनगर के खड्डा तहसील में यह धनराशि 1968 करोड़ रुपए होगी। बुधवार को नगर निगम की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में उनके हाथों 11 करोड़ रुपए से अधिक की सौगात जनता को समर्पित होगी।

नवरात्रि पर लांच होगी टाउनशिप
सीएम योगी के कार्यकाल के पहले साल में ही गोरखपुर को उनकी पहल पर 12 हजार करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली। अब दूसरे साल की शुरुआत भी विकास को और रफ्तार देने के साथ हो रही है। सीएम योगी मंगलवार को वासंतिक नवरात्र के पावन अवसर पर शहर को नई टाउनशिप योजना व मेडिसिटी को लांच करेंगे।

पूरा होगा घर का सपना
जीडीए (गोरखपुर विकास प्राधिकरण) की तरफ से शहर में नई आवासीय जरूरतों को पूरा करने के मद्देनजर खोराबार टाउनशिप तथा एक परिधि विशेष में उच्च स्तरीय व विविधतापूर्ण चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने के लिए मेडिसिटी का प्रोजेक्ट तैयार किया है।

मंगलवार शाम मुख्यमंत्री इन दोनों प्रोजेक्टस को लांच करेंगे। इसी कार्यक्रम में सीएम जीडीए, अवस्थापना और त्वरित आर्थिक विकास निधि की 3838 करोड़ रुपए की 147 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण भी करेंगे। 109.25 एकड़ की खोराबार टाउनशिप में भूखंड और बहुमंजिला भवन, दोनों ही सुविधाएं लोगों के सामने विकल्प रूप में होंगी।

इतने घर बनेंगे
भूखंड की संख्या 692 है जबकि बहुमंजिला भवनों में MIG, LIG, सुपर LIG व EWS के कुल 2080 फ्लैट बनेंगे। इन फ्लैट्स के साथ ही तारामंडल व राप्तीनगर विस्तार रोहिणी योजना में एमआईजी, एचआईजी व सुपर एचआईजी के कुल 1584 फ्लैट मिवान तकनीकी से बनेंगे। इन सभी को हरी झंडी सीएम की मौजूदगी में मिलेगी।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री के हाथों लांच होने वाली मेडिसिटी में जरूरत के अनुसार, बड़े, मध्यम और छोटे अस्पताल/ नर्सिंग होम्स तथा आयुष चिकित्सा व आवासीय क्लिनिक के लिए कुल 74 भूखंडों का प्रावधान किया गया है।

कुशीनगर को भी मिलेगी सौगात
बुधवार सुबह सीएम योगी कुशीनगर जिले की खड्डा तहसील में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास समारोह में शामिल होंगे। वह यहां 422 करोड़ रुपए की लागत से 329 परियोजनाओं का लोकार्पण, 1546 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विधानसभाओं में 461 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।

लोकार्पण वाले कार्यों में 9 करोड़ से अधिक की लागत वाले खड्डा तहसील भवन, लोक निर्माण विभाग की 261 करोड़ की परियोजनाएं, बाढ़ खण्ड की 88 करोड़ की परियोजनाएं और विधानसभा खड्डा में कुल 194 करोड़ की लागत से 17 परियोजनाएं के कार्य शामिल है।

डायलिसिस सेंटर का होगा लोकार्पण
खड्डा में लोकार्पण व शिलान्यास समारोह के बाद मुख्यमंत्री बुधवार दोपहर गोला तहसील के भरौली में बाबू आरएन सिंह डायलिसिस सेंटर का लोकार्पण और स्मृति शेष आरएन सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसी दिन शाम को वह जेल बाईपास रोड पर नगर निगम के 119 कूड़ा कलेक्शन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

ये वाहन 11 करोड़ रुपए की लागत से खरीदे गए हैं। साथ ही राप्तीनगर में 45 लाख रुपए की लागत से बने नगर निगम के जोनल ऑफिस का लोकार्पण भी इसी स्थान से होगा। सीएम योगी 475 करोड़ रुपए की लागत वाली गोड़धोइया नाला जीर्णोद्धार परियोजना के कार्यों का अवलोकन भी करेंगे।

सोर्स :- “दैनिक भास्कर”                      

Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *