• May 31, 2026 11:01 am

कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र पाली का निरीक्षण किया

Share More

कोरबा। “क्या नाम है बेटा? खाना ठीक लग रहा है न? आप बच्चे की माँ हैं….. यहाँ कोई समस्या तो नहीं? यहाँ 15 दिन तक आपके बच्चे को पोषण आहार मिलेगा। इसके बाद जब आप घर जाएँगी, तब भी बच्चे को पोषणयुक्त भोजन अवश्य देना। छह माह से छह वर्ष तक के बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए संतुलित खानपान बहुत जरूरी है। आप नियमित ध्यान रखेंगी तो वजन और लंबाई दोनों बढ़ेंगे। यदि कोई समस्या आए तो तुरंत अस्पताल लेकर आइए।”इन आत्मीय शब्दों के साथ कलेक्टर कुणाल दुदावत ने पाली स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती बच्चों की जानकारी माताओं से ली और बच्चों की देखभाल पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।

कलेक्टर श्री दुदावत ने आज पाली ब्लॉक मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं, पंजीयन की प्रक्रिया और प्रतिदिन ओपीडी में होने वाले उपचार की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला और पुरुष वार्ड, प्रसव कक्ष, सोनोग्राफी कक्ष, दवा वितरण केंद्र, ऑपरेशन थियेटर, दंत रोग उपचार कक्ष, नेत्र रोग विभाग तथा प्रयोगशाला का भी विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल के चिकित्सा उपकरणों और दवाइयों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए नेत्र विभाग में बंद मशीन को प्रारंभ करने, प्रयोगशाला में जाँच होने के बाद मरीजों को रिपोर्ट उनके मोबाइल पर भेजने और आईसीयू को 15 दिनों के भीतर व्यवस्थित कर संचालित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि किसी भी मरीज को दवा के लिए बाहर न जाना पड़े, अस्पताल एवं जेनेरिक मेडिकल स्टोर में सभी आवश्यक दवाइयाँ कम कीमत पर उपलब्ध कराई जाएँ। उन्होंने अस्पताल परिसर की स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता, मरीजों की देखभाल और समय पर उपचार की उपलब्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। सोनोग्राफी सहित सभी यंत्रों के सुचारू रखरखाव, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की निगरानी पर भी उन्होंने विशेष बल दिया।


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *