30 नवंबर 2022 | प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर प्रदेश के तमाम उखड़ी सड़कों के मरम्मत का कार्य तेज कर दिया गया है। इसी के साथ आवश्यक जगहों पर पुल-पुलिया का निर्माण भी किया जा रहा है।छत्तीसगढ़ रोड एवं इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड अंतर्गत छत्तीसगढ़ के समस्त जिलों में आवागमन के साधनों की मजबूती के लिए कुल 520 कार्यों के लिए 5680 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की है।इसमें 3110 किमीमीटर की लंबाई वाले महत्त्वपूर्ण 429 मार्गों के लिए 4891 करोड़ रुपये ओर 91 उच्चस्तरीय पुलों के निर्माण कार्यों के लिए 788 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की है। अभी तक कुल 492 कार्यों के लिए 5,460 करोड़ रुपये की लागत वाले कार्यों की निविदाएं स्वीकृत की जा चुकी है।
छत्तीसगढ़ रोड़ एवं इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड से मिली जानकारी के अनुसार निर्माण कार्यों पर अब तक 1109 करोड़ रुपये का व्यय किया गया है। वर्तमान में समस्त कार्य प्रगति पर है और निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर लिए जाएंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देशानुसार प्रदेश में सड़कों के गड्ढों की भराई और सड़कों के मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के परियोजना मंडल बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा एवं गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में 1258 कि.मी. लंबाई की कुल 352 सड़कों के मरम्मत और नवीनीकरण कार्य के लिए लगभग 160 करोड़ रुपये की राशि की स्वीकृति हुई है।
पर्यटन स्थलों तक जाने वाली सड़कों पर भी जोर
कबीरधाम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत वर्ष 2022-23 में नवीनीकरण के लिए कुल 67 सड़क, लंबाई 252.975 किलोमीटर के लिए 78 करोड़ 97 लाख 8028 रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। कबीरधाम से प्रमुख पर्यटन, धार्मिक और जन आस्था का केंद्र भोरमदेव मंदिर पहुंच मार्ग 16 किलोमीटर सड़क लगभग नौ करोड़ 60 लाख 24 हजार रुपये की लागत से डामरीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। जिसे दिसबंर माह तक पूरा कर किया जाएगा।
सोर्स :-“नईदुनिया”
