• June 6, 2026 1:18 pm

देश में कोरोना केस नवंबर के बाद 10 हजार के पार, 24 घंटे में 1805 नए मरीज मिले

Share More

27 मार्च 2023 |  देश में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या 10 हजार के पार चली गई है। पिछले 24 घंटों में 1,805 नए मरीज मिले। वहीं, 6 लोगों ने दम तोड़ दिया। इससे पहले शनिवार को 1,890 कोरोना केस मिले थे और 7 मौतें हुई थीं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकडों के मुताबिक, एक्टिव केस बढ़कर 10,300 हो गया हैं, जो नवंबर के बाद सबसे ज्यादा केस है। इससे पहले 12 नवंबर को देश में 11084 एक्टिव केस दर्ज की गई थी।

सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में मिल रहे हैं। यहां केसेस में बढ़ोतरी को देखते हुए टेस्टिंग बढ़ा दी गई है। मुंबई के कुछ प्राइवेट अस्पतालों में कोविड वार्ड खुलने लगे हैं। वहीं, सरकार ने भी सभी सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों को स्टैंडबाय मोड में रहने को कहा है। साथ ही लोगों से कोविड प्रोटोकॉल फॉलो करने के आदेश दिए हैं।

अक्टूबर के बाद महाराष्ट्र में एक्टिव केस 2,000 से ज्यादा
महाराष्ट्र में अक्टूबर के बाद पहली बार एक्टिव केस 2,000 से ज्यादा दर्ज की गई। राज्य में पिछले 24 घंटे में 397 नए केस मिले, जो शनिवार के मुकाबले 40 कम है। शनिवार को राज्य में 437 संक्रमित मिले थे। जबकि 3 मरीजों की मौत हो गई थी।

अकेले मुंबई में रविवार को 123 नए मामले दर्ज किए गए। मुंबई में अभी कोविड के 43 मरीज भर्ती हैं, जिनमें से 21 ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। रविवार को मुंबई में 17 नए पॉजिटिव मरीज भर्ती हुए।

मुंबई में लीलावती अस्पताल के CEO डॉ वी रविशंकर ने कहा कि उन्होंने कोविड मामलों के लिए 15 बेड का आइसोलेशन वार्ड और ICU तैयार किया गया है।

गुजरात में 303, केरल में 299 केस मिले
महाराष्ट्र के बाद सबसे ज्यादा मामले गुजरात और केरल में दर्ज किए जा रहे हैं। पिछले 24 घंटो में गुजरात में 303 मरीज मिले। जबकि 1 मरीज की मौत हो गई। उधर केरल 299, कर्नाटक 209 और दिल्ली 153 में मामले सामने आए।

इसके अलावा पिछले 24 घंटों में उत्तरप्रदेश में 77, राजस्थान में 46, मध्यप्रदेश में 5 और छत्तीसगढ़ में 1 कोरोना केस मिले हैं। फिलहाल, यूपी में 246, राजस्थान में 207, MP में 51 और छत्तीसगढ़ में 23 एक्टिव मामले हैं।

सभी राज्यों के स्वास्थ्य सचिव की मीटिंग आज
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण आज यानी सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए सभी राज्यों के स्वास्थ्य सचिव और सीनियर अधिकारियों के साथ मीटिंग करेंगे। इसमें तैयारियों का जायजा लिया जाएगा। उधर, 10-11 अप्रैल के दौरान देशभर के अस्पतालों में कोविड को लेकर मॉक ड्रिल होगी।

मॉक ड्रिल में सरकारी और प्राइवेट दोनों तरह के अस्पताल शामिल होंगे। इसमें दवाईयां, मरीजों के लिए बिस्तर, मेडिकल इक्विपमेंट और मेडिकल ऑक्सीजन की उपलब्धता का जायजा लिया जाएगा। मॉक ड्रिल के बारे में पूरी जानकारी आज होने वाली मीटिंग में दी जाएगी। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने दो दिन पहले सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश को लेटर भी लिखा था। इसमें उन्होंने राज्यों से कोरोना टेस्टिंग बढ़ाने के लिए कहा था।

सोर्स :- “दैनिक भास्कर”                      

Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *