• June 8, 2026 11:03 am

कोरोना देश में LIVE:33 दिन बाद देश में 10 हजार से ज्यादा कोरोना केस मिले, 8 जिलों में एक हफ्ते का पॉजिटिविटी रेट 10%

Share More

30 दिसंबर 2021 | स्वास्थ्य मंत्रालय के जॉइंट सेक्रेटरी लव अग्रवाल ने गुरुवार को कहा कि 33 दिनों बाद देश में फिर से 10,000 से ज़्यादा मामले रिपोर्ट होने शुरू हुए हैं। पिछले 24 घंटे में देश में 13 हजार से ज्यादा कोरोना केस दर्ज किए गए हैं। ऐसे में देश को अलर्ट रहने की जरूरत है।

अग्रवाल ने कहा कि देश में करीब 90% वयस्क आबादी को कोरोना की पहली डोज लग गई है। जिन बुजुर्गों को प्रिकॉशन डोज लगनी है, उन्हें सरकार SMS भेजकर याद दिलाएगी कि 10 जनवरी से डोज लगनी शुरू होगी। उन्होंने कहा कि कोरोना के इंफेक्शन के बाद इम्युनिटी करीब 9 महीने तक रहती है।

इंफेक्शन की गंभीरता कम करेगी प्रिकॉशनरी डोज
वैक्सीन की इफेक्टिवनेस के बारे में बताते हुए ICMR के डायरेक्टर बलराम भार्गव ने कहा कि सभी कोरोना वैक्सीन, चाहे वे भारत में बनी हों या इजराइल, अमेरिका, यूरोप या चीन से आई हों, वे वायरस में बदलाव करने का काम करती हैं। वे इंफेक्शन नहीं रोकतीं। प्रिकॉशनरी डोज का काम होगा इंफेक्शन की गंभीरता को कम करना, हॉस्पिटलाइजेशन और मौत का खतरा कम करना।

देश में बिगड़ रहे हालात
पिछले हफ्ते से देश में रोजाना 8 हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए जा रहे हैं। 26 दिसंबर के बाद से देश में रोजाना 10 हजार से ज्यादा केस सामने आ रहे हैं। महाराष्ट्र और केरल में 10,000 से ज्यादा सक्रिय मामले हैं। लव अग्रवाल ने बताया कि महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, दिल्ली, कर्नाटक, गुजरात में केस और पॉजिटिविटी रेट ज्यादा होने की वजह से यह चिंता बढ़ाने वाले राज्य और प्रदेश बनते जा रहे हैं।

मिजोरम के 6 जिलों में और अरुणाचल प्रदेश और बंगाल के एक-एक जिले में एक हफ्ते का पॉजिटिविटी रेट 10% से ज्यादा है। 14 जिलों में एक हफ्ते में केस मिलने का पॉजिटिविटी रेट 5-10% के बीच है। देश में ओवरऑल पॉजिटिविटी रेट 0.92% है।

अन्य प्रमुख अपडेट्स…

अचानक कोरोना के केस बढ़ने से केंद्र अलर्ट; 8 राज्यों से कहा- मौतें रोकने के लिए अभी से जरूरी कदम उठाएं
देश के 8 राज्यों में कोरोना मामलों में अचानक इजाफे को देखते हुए केंद्र ने राज्यों को लेटर लिखकर तत्काल एक्शन लेने को कहा है। सूत्रों के मुताबिक, केंद्र ने दिल्ली, महाराष्ट्र समेत 8 राज्यों से कहा कि मृत्यु दर कम करने को लेकर अभी से जरूरी कदम उठाएं।

दिल्ली में लागू GRP मॉडल को पूरे देश में लाने पर भी विचार किया जा रहा है। दिल्ली और मुंबई में कोरोना संक्रमितों की संख्या बहुत तेजी से बढ़ी है। वहीं, गुड़गांव, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और अहमदाबाद सहित कई शहरों में भी संक्रमण बढ़ा है।

देश में सबसे ज्यादा ओमिक्रॉन संक्रमित (263) फिलहाल दिल्ली में हैं। वहीं, 252 मामलों के साथ महाराष्ट्र दूसरे नंबर पर है। हालांकि बेंगलुरु और अहमदाबाद में भी ओमिक्रॉन के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। देश में अब तक ओमिक्रॉन के कुल 974 मामले दर्ज किए गए हैं। बुधवार को देश में 180 नए ओमिक्रॉन केस मिले थे।

कोरोना से जुड़े आज के अपडेट्स..

  • दिल्ली में कोरोना गाइडलाइंस के उल्लंघन पर पिछले 2 दिनों में 89 लाख का जुर्माना वसूल किया गया है। दिल्ली सरकार के मुताबिक, राजधानी में ‘येलो अलर्ट’ प्रतिबंध लागू होने के बाद कोविड प्रोटोकॉल के उल्लंघन पर 67 FIR भी दर्ज की गई है।
  • महाराष्ट्र में बढ़ते कोरोना मामलों को देखते हुए मुंबई में आज से गुरुवार 30 दिसंबर से 7 जनवरी 2022 तक धारा 144 लागू कर दी गई है। पुलिस ने 30 दिसंबर से 7 जनवरी तक रेस्टोरेंट, होटल, बार, पब, रिसॉर्ट और क्लब सहित किसी भी बंद या खुली जगह में नए साल के जश्न, पार्टियों पर रोक लगा दी है।
  • राजस्थान मंत्रिमंडल ने 31 जनवरी के बाद सार्वजनिक स्थानों पर प्रवेश के लिए वैक्सीनेशन अनिवार्य कर दिया है। इसके साथ ही नाइट कर्फ्यू को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। मॉल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को प्रतिदिन रात 10 बजे तक खुले रहने की अनुमति होगी।
  • देहरादून में एंट्री के लिए वैक्सीन की दोनों डोज का सर्टिफिकेट या कोविड निगेटिव रिपोर्ट दिखाना अनिवार्य कर दिया गया है। रिपोर्ट की मियाद 72 घंटे तक की रखी गई है यानी 72 घंटे के अंदर की रिपोर्ट को ही माना जाएगा।
  • पिछले एक सप्ताह में दिल्ली में जितने भी सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे, उनमें 38% की रिपोर्ट ओमिक्रॉन पॉजिटिव मिली है। ऑफिशियल डॉक्यूमेंट्स से इसकी जानकारी मिली है।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री बोले- कोरोना मामलों में 46% ओमिक्रॉन वैरिएंट, अब इसका कम्युनिटी ट्रांसमिशन भी शुरू
दिल्ली के हेल्थ मिनिस्टर सत्येंद्र जैन ने गुरुवार को बताया कि राजधानी में कोरोना के कल 923 पॉजिटिव मामले मिले थे। 115 सैंपल्स को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए लैब भेजा गया। इनमें 46% मामले ओमिक्रॉन पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि बिना ट्रैवल हिस्ट्री वाले लोग भी ओमिक्रॉन संक्रमित पाए गए। इसका मतलब है राजधानी में ओमिक्रॉन का धीरे-धीरे कम्युनिटी ट्रांसमिशन हो रहा है।

जैन ने कहा कि दिल्ली में स्टेज-1 लागू कर दिया गया है। नए साल की पूर्व संध्या पर किसी तरह के समारोह की इजाजत नहीं है। आगे की पाबंदियों पर दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी(DDMA) की बैठक में फैसला होगा।

ओमिक्रॉन को लेकर ममता सतर्क; केंद्र से विदेशी फ्लाइट्स पर बैन लगाने की मांग

पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार से विदेशी फ्लाइट्स पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कोलकाता में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। यहां देश भर से लोग फ्साइट्स और ट्रेनों के जरिए आते हैं। सरकार को उन देशों की फ्लाइट्स पर बैन लगाना चाहिए, जहां ओमिक्रॉन के मामले अधिक हैं।

झारखंड में 344 कोरोना पॉजिटिव:रांची में 197 दिन बाद 118 संक्रमित, इसमें 12 डॉक्टर

झारखंड में एक दिन में 344 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसमें रांची इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस(RIMS) के 7 डॉक्टर सहित 5 प्राइवेट डॉक्टर और 2 नर्स भी शामिल हैं। 212 दिनों बाद इतने केस मिलने के बाद राज्य में तीसरी लहर की आशंका बढ़ गई है।

मई के आखिरी सप्ताह तक राज्य में इतने संक्रमित मिले थे। इसके बाद से लगातार ग्राफ गिरा था। सबसे ज्यादा संक्रमित रांची के हैं। यहां 197 दिनों के बाद 118 पॉजिटिव मिले हैं। 

वैक्सीन की 4 डोज लगवा चुकी महिला कोरोना पॉजिटिव; इंदौर एयरपोर्ट पर फ्लाइट बोर्ड करने से रोकी गई
वैक्सीन की 4 डोज लगवा चुकी एक महिला इंदौर एयरपोर्ट पर हुए टेस्ट में कोरोना पॉजिटिव पाई गई। इसके बाद उसे दुबई जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया गया। एयरपोर्ट के अधिकारियों के मुताबिक, महिला ने 2 अलग- अलग वैक्सीन की कुल 4 डोज लगवाई थी।

देश में कोरोना के केस 2 दिन में दोगुने हुए, 24 घंटे में 13,154 मामले आए, पिछले दिन के मुकाबले 44% ज्यादा

देश में बुधवार को कोरोना के 13,000 से ज्यादा नए मामले दर्ज किए। मंगलवार की तुलना में यह आंकड़ा 44% ज्यादा है। मंगलवार को देश में 9,195 कोरोना केस मिले थे। रोजाना के नए मामले केवल दो दिनों में दोगुने से अधिक हो गए हैं।

बुधवार रात तक देश में 13,154 नए मामले दर्ज किए थे, जिसमें दो राज्यों के आंकड़े अभी आने बाकी थे। मंगलवार का आंकड़ा 9,155 था, जो पिछले दिन के आंकड़े (6,242) की तुलना में करीब 47% ज्यादा है।

लगातार दो दिनों तक 40 % से ज्यादा इजाफा दर्ज किया गया है। वहीं, दूसरी लहर के दौरान सबसे ज्यादा इजाफा (लगातार दो दिनों में) 31 मार्च और 1 अप्रैल को दर्ज किया गया था। उस दौरान कोरोना मामलों में 35% और 13.5% का इजाफा हुआ था।

इंदौर में एक दिन में मिले 55 कोरोना संक्रमित, 24 घंटे में संक्रमण की रफ्तार दोगुनी हुई

इंदौर में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 55 नए मरीज मिले हैं और संक्रमण दोगुनी रफ्तार से बढ़ा है। एक दिन पहले 28 दिसंबर को 32, इससे पहले 27 दिसंबर को 27 मरीज आए थे। इंदौर में कोरोना के बढ़ते मरीजों के बीच जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सामने नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की चुनौती भी है। 

कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच राहत; जनवरी से मार्च तक 67 करोड़ डोज मिलेंगे, इससे पूरा होगा वैक्सीनेशन

देश में कोरोना का नया वैरिएंट ओमिक्रॉन तेजी से फैल रहा है। कुछ राज्यों में कोरोना के नए मामले भी बढ़ते जा रहे हैं। खतरा दोनों तरफ से है। हालांकि, दो और वैक्सीन को मंजूरी मिलने के बाद उम्मीद है कि योग्य आबादी को जल्द दोनों डोज लग जाएगी। राहत यह भी है कि योग्य आबादी को जितने डोज लगने हैं, उनकी उपलब्धता जनवरी से मार्च तक हो जाएगी।

18 वर्ष से अधिक उम्र और 15 से 18 वर्ष के किशोर और बीमार बुजुर्ग के दो समूहों को वैक्सीन की डोज लगनी है। इस समूह को पूरी तरह वैक्सीनेट करने के लिए करीब 22 करोड़ डोज चाहिए। इस तरह योग्य आबादी के वैक्सीनेशन के लिए 67 करोड़ डोज की जरूरत है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, ये डोज फरवरी से मार्च तक मिल जाएंगी। राज्य सरकारों पर निर्भर है कि वे कितनी जल्दी वैक्सीन लगाते हैं। 

महाराष्ट्र और दिल्ली में एक ही दिन में दोगुनी रफ्तार से बढ़ा संक्रमण

दूसरी लहर में तबाही झेल चुके महाराष्ट्र और दिल्ली जैसे राज्यों में कोरोना के मरीज दोगुनी रफ्तार के साथ बढ़ रहे हैं। दोनों राज्यों में कोरोना संक्रमितों की संख्या में एक ही दिन में रिकॉर्ड उछाल दर्ज की गई है। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 86% तो मुंबई में 82% संक्रमित बढ़ गए हैं। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 923 केस मिले हैं जो 30 मई के बाद सबसे ज्यादा है।

Source;-“दैनिक भास्कर”


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *