• June 8, 2026 10:01 pm

देश की सबसे लंबी और ऊंचाई वाली दिल्ली-लेह बस सर्विस शुरू, जानिए कितना है किराया

Share More

9 जून 2023 ! देश की सबसे ज्यादा ऊंचाई पर चलने वाली बस सर्विस एक बार फिर शुरू हो गई है. हिमाचल प्रदेश के फेमस हिल स्टेशन मनाली के रास्ते दिल्ली को लेह से जोड़ने वाली देश की सबसे लंबी और सबसे ऊंचाई वाली बस सर्विस फिर से शुरू हो चुकी है. ऐसे में जो यात्री दिल्ली से की यात्रा करना चाहते हैं, वह इस बस के जरिए अपना सफर पूरा कर सकते हैं. दरअसल, बर्फबारी की वजह से पिछले 9 महीने से रास्ता बंद था. अब बर्फबारी खत्म हो चुकी है और इसलिए बस सर्विस शुरू की गई है.

दिल्ली से लेह तक का सफर 1026 किलोमीटर लंबा है. एक तरफ का किराया 1,736 रुपये है. दिल्ली से बस रवाना होने के बाद रात में हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले के हेडक्वाटर केलांग में रुकेगी. पूरे सफर के दौरान बस को चलाने का काम तीन ड्राइवरों का होगा. सफर में जब एक ड्राइवर बस चला रहा होगा, तो उसके साथ दो कंडक्टर होंगे, जो बाकी के यात्रियों के साथ बस में सवार होंगे. इस बस सर्विस के जरिए दिल्ली से लेह पहुंचने में 30 घंटे का समय लगेगा.

हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (HRTC) इस बस सर्विस का संचालन करती है. हिमाचल प्रदेश सरकार के तहत आने वाली HRTC की बस दिल्ली से दोपहर 3.45 बजे लेह के लिए रवाना होगी. अगले दिन ये केलांग में रुकेगी और फिर बस लेह के लिए रवाना होगी. HRTC इस स्पेशल बस को इसलिए चला रही है, ताकि राज्य में पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सके.

HRTC के अधिकारी ने बताया कि दिल्ली-लेह बस रूट को लेकर पर्यटकों का रिस्पांस बहुत अच्छा रहा है. खासतौर पर विदेशी पर्यटकों का. अगर कोई यात्रा चाहे, तो वह केलांग और दिल्ली के रूट पर भी ऑनलाइन टिकट बुकिंग कर सकता है. हालांकि, केलांग से लेह तक के बस टिकट को सिर्फ केलांग के काउंटर से ही खरीदा जा सकता है.

ये बस हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के चार ऊंचे पहाड़ी दर्रों से गुजरेगी. ये चार दर्रे रोहतांग पास (13,050 फीट), बारालाचा पास (16,020 फीट), लाचुंगला पास (16,620 फीट) और तांगलांग्ला पास (17,480 फीट) हैं.

सोर्स :- ” TV9 भारतवर्ष    


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *