• June 7, 2026 10:42 am

डिजिटल जनगणना : अब ग्रामीण स्वयं दर्ज करेंगे अपना विवरण

Share More

दंतेवाड़ा। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार आगामी जनगणना को सरल, सटीक एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वगणना (सेल्फ ऐनुमैरेशन) की जानकारी व्यापक रूप से दी जा रही है। प्रशासन द्वारा विशेष ग्राम सभाओं एवं विभिन्न ग्राम पंचायतों में बैठक आयोजित कर ग्रामीणों को जनगणना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया जा रहा है। इन बैठकों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा ग्रामीणों को बताया जा रहा है कि ऑनलाइन स्वगणना के माध्यम से वे स्वयं अपने परिवार की जानकारी निर्धारित प्रारूप में दर्ज कर सकते हैं। स्वगणना के अंतर्गत परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर, घर का पता, मकान की स्थिति, परिवार के सदस्यों का विवरण, वाहन, बिजली-पानी की उपलब्धता सहित अन्य आवश्यक जानकारी सही एवं पूर्ण रूप से भरने के महत्व को विस्तार से समझाया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि स्वगणना की प्रक्रिया अपनाने से जनगणना कार्य में लगे प्रेक्षकगण को सुविधा होगी तथा समय की भी बचत होगी। साथ ही, इससे आंकड़ों की सटीकता सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी। ग्रामीणों को यह भी जानकारी दी जा रही है कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिसके आधार पर विभिन्न विकास योजनाओं का निर्माण एवं संसाधनों का आवंटन किया जाता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। इसी क्रम में तहसील गीदम अंतर्गत ग्राम पंचायत गुमड़ा में अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी दंतेवाड़ा एवं तहसीलदार गीदम द्वारा विशेष ग्राम सभा शिविर आयोजित कर स्वगणना के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया गया। शिविर के दौरान ग्रामीणों को स्वगणना की प्रक्रिया समझाई गई तथा उनकी शंकाओं का समाधान भी किया गया।


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *