श्रीनगर l 29-मई-2021 । जम्मू कश्मीर में आतंकियों की गतिविधियां पिछले कुछ दिनों में बढ़ गई है। शुक्रवार को घाटी के दो जगहों पर सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। पहले शोपियां में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच एनकाउंटर शुरू हुआ तो उसके बाद देर शाम को सोपोर में आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर हमला बोला।
सोपोर में शुरू हुए एनकाउंटर में दोनों ओर से गोलीबारी जारी है। सुरक्षाबलों ने इलाके को खाली करवा लिया है। उन्हें कई आतंकियों के छिपे होने की आशंका है। वहीं आतंकवादी रुक-रुक कर सुरक्षाबलों पर गोलियां बरसा रहे हैं। दोनों ओर से गोलीबारी का सिलसिला जारी है। आतंकियों की सूचना मिलते ही पुलिस, सेना और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने सोपोर के वारपोरा इलाके को घर लिया है और तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
सुरक्षाबलों की आहट पात ही आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद से सुरक्षाबलों ने जवाबी फायरिंग की है। सुरक्षाबलों को अनुमान है कि इलाके में दो से तीन आतंकवादी छिपे हो सकते हैं। इससे पहले शोपियां जिले के गनोवपोरा गांव में सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ चला, जिसमें एक आतंकी मारा गया।
Source : Oneindia.com
