• June 8, 2026 4:50 am

25 विभागों की प्रदर्शनी, 9 फूड स्टाल लगाए जाएंगे

Share More

29 अक्टूबर 2022  1 नवंबर को पुरानी गंजमंडी में होने वाले राज्योत्सव कार्यक्रम को लेकर तैयारी तेज हो गई है। कार्यक्रम में 25 सरकारी विभागों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें विभागों के लाइव मॉडल्स के जरिए लोगों को जानकारी उपलब्ध हो सकेगी। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें स्थानीय कलाकारों और संस्थाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका दिया जाएगा। इसके लिए कलाकारों और संस्थाओं का पंजीयन भी शुरू कर दिया गया है। कलेक्टोरेट के कमरा नंबर 25 में आवेदन कर पंजीयन कराया जा सकता है।

सरकारी योजनाओं पर हुए कामों को करें प्रदर्शित: मीणा
आयोजन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा ने बैठक ली। उन्होंने कहा कि विभागीय प्रदर्शनी की तैयारियां जल्द पूरी कर ली जाएं। विभागीय स्टाल में ऐसे मॉडल प्रदर्शित किए जाएं जिनसे शासन की योजनाओं के जमीनी असर की जानकारी दिख सके। उदाहरण के लिए नरवा योजना में नालों के जीर्णोद्धार के लिए बनाए गए स्ट्रक्चर किस तरह से भूमिगत जल स्तर में बढ़ोतरी करते हैं। इस तरह के मॉडल बनाए जाएं। उन्होंने नरवा, गरवा, घुरुवा, बाड़ी के कार्यों को प्रदर्शित करने कहा।

प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, स्कूली बच्चे भी देंगे प्रस्तुति
राज्योत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसके लिए स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाएगा। स्कूली बच्चे भी प्रतिभा दिखा सकेंगे। डीईओ अभय जायसवाल ने बताया कि बीएसपी स्कूल सेक्टर 7, सैजेस कुम्हारी और बालाजीनगर, खालसा पब्लिक स्कूल, केपीएस नेहरू नगर, आदर्श कन्या दुर्ग, डीपीएस रिसाली के बच्चे कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा कन्या परिसर की छात्राएं भी कार्यक्रम में भाग लेंगी। 9 फूड स्टाल भी लगाए जाएंगे, जिसमें छत्तीसगढ़ी व्यंजन भी होंगे।

कलाकारों के पंजीयन के लिए खोला गया काउंटर
राज्योत्सव में सांस्कृतिक दलों के पंजीयन के लिए काउंटर खोला गया है। इसके लिए 29 अक्टूबर तक आवेदन किया जा सकता है। शाम 5 बजे तक नोडल अधिकारी प्रियंवदा रामटेके को कलेक्टोरेट के कक्ष क्रमांक 25 में आवेदन किया जा सकता है। सांस्कृतिक कार्यक्रम दल में 25 सदस्य हो। प्रस्तुति दल अपनी टीम के साथ अंतिम चयन हेतु 30 अक्टूबर को खालसा स्कूल ऑडिटोरियम में 2 बजे उपस्थित होंगे। अपनी प्रस्तुति देंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन पर उन्हें राज्योत्सव में प्रदर्शन का मौका मिलेगा।

Source;- ‘’दैनिक भास्कर’’


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *