नई दिल्ली 01 अप्रैल । भारत की जी20 की अध्यक्षता के अंतर्गत पहली आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह की बैठक में चयनित पांच प्राथमिकता के क्षेत्रों पर उपयोगी, सकारात्मक और सहयोगात्मक चर्चा हुई। प्राथमिकता क्षेत्रों में – सभी के लिए अग्रिम चेतावनी, आपदा लचीले ढांचे और मजबूत राष्ट्रीय वित्तीय ढांचा शामिल हैं। तीन दिन की कार्य समूह की बैठक वृहस्पतिवार को गुजरात के गांधीनगर में शुरू हुई। तीसरे और अंतिम दिन कार्य समूह की बैठक में आज आपदा जोखिम न्यूनीकरण तक पारिस्थितिक तंत्र आधारित तकनीकी सत्र आयोजित किया गया। बैठक के समापन दिवस पर मीडिया को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य सचिव कमल किशोर ने कहा कि पहली बार जी20 के अंतर्गत आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह गठित किया गया। श्री किशोर ने कहा कि कार्य समूह की कार्यसूची को जी20 सदस्य देशों से पूर्ण समर्थन मिला है। जी20 सदस्य देशों से लगभग 100 प्रतिनिधि, आमंत्रित देश और नौ अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि इस बैठक में भाग ले रहे हैं। प्रतिभागी प्रतिनिधियों को आज स्मृतिवन भूकंप स्मारक और भुज में संग्रहालय ले जाया जाएगा।
(वी.के. झा)
