• June 6, 2026 9:53 am

पानी की समस्या से मुक्ति, रघुनाथ ने शुरू की दोहरी फसल, वीबीजी राम जी ने किया सुखद बदलाव

Share More

कोरिया। सिंचाई के अभाव में वर्षों तक वर्षा पर निर्भर रहने वाले किसान रघुनाथ के जीवन में विकसित भारत रोजगार व आजीविका गारंटी मिशन-ग्रामीण (वीबीजी राम जी) ने आत्मनिर्भरता की नई राह खोल दी है। कोरिया जिले के सोनहत जनपद पंचायत के तहत ग्राम मधौरा निवासी किसान रघुनाथ अब खेत में बने कुंए के माध्यम से सिंचाई कर खरीफ और रबी दोनों फसलों का सफल उत्पादन कर रहे हैं। किसान रघुनाथ के पास लगभग दो से तीन एकड़ कृषि योग्य भूमि है, लेकिन पूर्व में सिंचाई सुविधा न होने के कारण वे केवल परंपरागत धान की खेती तक सीमित थे। बारिश कम होने पर रोपाई और फसल दोनों प्रभावित होती थीं।

साथ ही पूरे वर्ष खेत सूखे रहते थे और परिवार को दैनिक उपयोग एवं पेयजल के लिए सार्वजनिक हैंडपंप पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे विशेषकर महिलाओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। गत वर्ष ग्राम सभा में वार्षिक योजना निर्माण के दौरान किसान रघुनाथ को विकसित भारत रोजगार व आजीविका गारंटी मिशन-ग्रामीण (वीबीजी राम जी) अंतर्गत खेतों में कूप निर्माण की जानकारी मिली। आवेदन के पश्चात ग्राम सभा के प्रस्ताव अनुसार उनके खेत में कुंआ निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई। इसके लिए 2 लाख 16 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई तथा ग्राम पंचायत को निर्माण एजेंसी बनाया गया।

निर्धारित समय-सीमा में कूप निर्माण पूर्ण होने के बाद परिवार की जल समस्या का स्थायी समाधान हो गया। कूप निर्माण के बाद किसान रघुनाथ अब खरीफ एवं रबी दोनों मौसम की खेती कर रहे हैं। पर्याप्त सिंचाई सुविधा मिलने से फसल उत्पादन में वृद्धि हुई है। बाड़ी में सब्जी उत्पादन से परिवार को अतिरिक्त आय भी प्राप्त हो रही है। इस वर्ष उन्होंने गेहूं की फसल लगाई है, जिससे लगभग 7 क्विंटल गेहूं उत्पादन होने का अनुमान है। वीबी जी राम जी से मिले कूप निर्माण ने किसान रघुनाथ के जीवन में खुशहाली, जल सुरक्षा और आर्थिक मजबूती सुनिश्चित की है।


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *