09 जनवरी 2023 | अमेरिका का कैलिफोर्निया एक हफ्ते से आंधी-तूफान का सामना कर रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, 48 घंटे में कैलिफोर्निया में पहले से ज्यादा खतरनाक तूफान आ सकता है। 10 दिन में खराब मौसम की वजह से यहां 12 लोगों की मौत हो चुकी है।
कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम ने कहा– हम प्रेसिडेंट जो बाइडेन से मदद मांगेंगे। इसे फेडरल इमरजेंसी घोषित किया जाना चाहिए, ताकि परेशानी में फंसे लोगों की मदद की जा सके। न्यूसम ने कहा कि अगले कुछ दिन मौसम और खराब हो सकता है।
तारों के ऊपर पेड़ गिरने से रुकी बिजली सप्लाई
लगातार आंधी-तूफान की वजह से लोग परेशान हुए हैं। 60 किमी/घंटे से ज्यादा रफ्तार से चल रहीं हवाओं ने पेड़ उखाड़ दिए। कई पेड़ बिजली के तारों के ऊपर गिर गए। इससे बिजली सप्लाई प्रभावित हुई। मौसम विभाग ने कहा है कि और ज्यादा बारिश होने से बाढ़, कीचड़ धंसने और भूस्खलन के हालात पैदा हो जाएंगे। बुधवार तक उत्तरी और मध्य हिस्से में 6 से 12 इंच बारिश हो सकती है।
4 लाख से ज्यादा घरों में बिजली नहीं
कैलिफोर्निया के 4 लाख 25 हजार घरों और दुकानों में रविवार दोपहर को बिजली नहीं थी। रात तक 1 लाख से ज्यादा घरों में बिजली सप्लाई चालू नहीं की जा सकी। सैक्रामेंटो के 2.5 लाख से ज्यादा लोगों को रविवार रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी।
कैलिफोर्निया में एक छोटे घर के ऊपर पेड़ गिरने से बच्चे की मौत हो गई थी। एक बेघर महिला के टेंट के ऊपर भी पेड़ गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई।
6 हजार लोगों को घर खाली करने की चेतावनी
सैक्रामेंटो के काउंटी ऑफिस ने विल्टन में रहने वाले 6 हजार लोगों से घर खाली कर सुरक्षित जगह पर जाने के लिए कहा है। आदेश में कहा गया है कि बाढ़ आना तय है। सड़कों के बाढ़ में डूबने से पहले सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।
सोनोमा काउंटी में रहने वाले 13 हजार लोगों के लिए चेतावनी जारी की गई है। आशंका जताई जा रही है कि आने वाले कुछ दिनों में यहां बहने वाली रूसी नदी का पानी शहर में घुस सकता है।
ऑस्ट्रेलिया का किंबरली इलाका 100 साल की सबसे खतरनाक बाढ़ का सामना कर रहा है। यहां ट्रॉपिकल साइक्लोन ऐली की वजह से भारी बारिश हुई। इससे कई इलाके चारों तरफ से पानी से घिर गए हैं और सड़कें पानी में डूब गई हैं। बाढ़ से कंगारू भी बड़ी संख्या में प्रभावित हुए हैं।
सोर्स :- “दैनिक भास्कर”
