10 नवम्बर 2021 | जीएसवीएम मेडिकल कालेज के एलएलआर अस्पताल स्थित जीटी रोड की तरफ तैयार सुपर स्पेशलिटी ब्लाक का लोकार्पण 25 दिसंबर तक होने की उम्मीद है। इसका लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर सकते हैं। सुपर स्पेशलिटी ब्लाक में इलाज और जांचों के लिए मरीजों को खर्च करना पड़ेगा। इसके लिए अलग से शासनादेश जारी किया जाएगा। चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव ने मंगलवार देर शाम आनलाइन प्लेटफार्म पर मीटिंग करते हुए यह निर्देश दिए हैं।
जीएसवीएम मेडिकल कालेज के प्राचार्य प्रो. संजय काला ने बताया कि प्रमुख सचिव ने सुपर स्पेशलिटी ब्लाक की प्रगति की समीक्षा की। उन्हें बताया गया कि 94 फीसद कार्य पूरा हो चुका है। सिर्फ उपकरणों की टेङ्क्षस्टग का कार्य बचा हुआ है। बिजली का कनेक्शन मिलते ही उपकरणों की स्थापना और टेस्टिंग शुरू हो जाएगी। इस पर शासन ने 25 दिसंबर तक शुभारंभ कराए जाने का संकेत दिया। कहा गया कि प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री शुभारंभ कर सकते हैं। उसके अनुरूप ही तैयारी की जाए। प्रो. काला ने बताया कि सुपर स्पेशलिटी ब्लाक में इलाज का पैसा पड़ेगा, जैसे ङ्क्षकग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी एवं लखनऊ के एसजीपीजीआइ में पड़ता है। इस दौरान प्रमुख अधीक्षक प्रो. आरके मौर्या, नोडल अधिकारी डा. मनीष सिंह मौजूद रहे।
जीएसवीएम को मिले 12 सुपर स्पेशलिस्ट:
जीएसवीएम मेडिकल कालेज में शासन से 12 सुपर स्पेशलिस्ट डाक्टर मिल गए हैं। प्राचार्य प्रो. संजय काला ने बताया कि सुपर स्पेशलिस्ट कोर्स एमसीएच और डीएम की पढ़ाई पूरी करने वाले 12 डाक्टरों की तैनाती की गई है। प्रमुख सचिव ने सुपर स्पेशलिस्टों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। सुपर स्पेशलिटी कोर्स पूरा करने वाले डाक्टरों से दो वर्ष के लिए बांड भराया गया है। उसके तहत की उनकी तैनाती की गई है।
Source :-“जागरण”
