07 जनवरी 2023 | राजस्थान में समान पात्रता परीक्षा (CET) दे रहे 11 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों को सवालों के साथ कड़ाके की ठंड का भी सामना करना पड़ा। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा 2996 पदों के लिए आज और कल 2 दिन चार पारियों में पात्रता परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। लेकिन इस दौरान अभ्यर्थी अभ्यर्थी कोट, टाई, मफलर, जैकेट, जरकिन, ब्लेजर, पहनकर परीक्षा नहीं दे सकेंगे।
इसके साथ ही महिला अभ्यर्थी भी हेट, स्टॉल, शॉल, मफलर पहनकर परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगी। इसी गाइड लाइन के तहत शनिवार सुबह जयपुर शहर में सेंटर के बाहर कैंडिडेट एग्हजाम देने पहुंचे तो उनके स्वेटर और जैकेट उतरवा दिए गए। ऐसे में मजबूरी में बच्चों को शर्ट और हॉफ टी-शर्ट में एग्जाम देना पड़ा।
ऐसा ही हाल प्रदेश के अलवर, कोटा और उदयपुर शहरों में देखने को मिला। यहां सर्दी के चलते बच्चों के बटन वाले स्वेटर और जैकेट उतरवा दिए गए। जबकि अजमेर में ठंड को देखते हुए बच्चों को राहत दी गई। यहां एग्जाम देने आए बच्चों को पहले रोका गया लेकिन सर्दी के असर को देखते हुए जैकेट व स्वेटर के साथ सेंटर में एंट्री दी गई।
जालोर से जयपुर परीक्षा देने पहुंचे अनिल बिश्नोई ने कहा कि मेरे पास जैकेट थी। लेकिन, उसमें छोटे बटन लग रहे थे। इस वजह से अब सिर्फ टी-शर्ट में ही परीक्षा देनी पड़ेगी। सर्दी बहुत ज्यादा है। लेकिन गाइडलाइन की पालना करना भी मजबूरी है। वरना परीक्षा में शामिल नहीं हो सकूंगा
परीक्षा देने पहुंचे शमशेर सिंह ने ड्रेस कोड ब्राइड लाइन को लेकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि सर्दी के बावजूद हम जैकेट नहीं पहनने दिए जा रहे हैं। यही कारण है कि मैं शर्ट में परीक्षा देने पहुंचा हूं। कर्मचारी चयन बोर्ड को सोचना चाहिए एक और जहां सरकार सर्दी की वजह से स्कूल बंद कर रही है। वहीं दूसरी और हमें सर्दी से बचने के कपड़े तक नहीं पहनने दिए जा रहे।
दो दिन 4 पारियों में होगा एग्जाम
CET ग्रेजुएशन लेवल परीक्षा का आयोजन 7 और 8 जनवरी को चार परियों किया जाएगा। जिसमें पहली पारी का पेपर सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक, जबकि दूसरी पारी का पेपर दोपहर 2:30 से शाम 5:30 तक होगा। ऐसे में अभ्यर्थी को परीक्षा से एक घंटे पहले परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। वहीं जो अभ्यर्थी निर्धारित वक्त तक केंद्र पर नहीं पहुंचा। उसे प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
3418 केंद्रों पर होगी परीक्षा
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा ने बताया कि 7 और 8 जनवरी को 4 पारियों में भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। जिसके लिए राजस्थान के 10 जिलों में कुल 3418 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें जयपुर में 756 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। जहां प्रदेश में सबसे ज्यादा 2 लाख 79 हज़ार 553 अभ्यर्थी पात्रता परीक्षा में शामिल होंगे। वहीं जयपुर के साथ अजमेर, अलवर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बीकानेर, उदयपुर, जोधपुर, कोटा और गंगानगर में परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान 8 बजे बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
अभ्यर्थियों के लिए ये गाइडलाइन
ड्रेस कोड का पालन नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा के दौरान पानी की बोतल, पर्स, बैग, ज्योमैट्री, पेंसिल बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, कैल्कुलेटर, तख्ती, पैड, गत्ता, पैन ड्राइव, रबर, टेबल स्कैनर, किताबें, नोटबुक, पर्चियां, व्हाइटनर लाने पर रोक रहेगी। इसके साथ ही डेढ़ घंटे पहले अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्रों पर रिपोर्टिंग करने के साथ ही परीक्षा समय के बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
सोर्स :- “दैनिक भास्कर”
