• June 9, 2026 6:21 am

जश्न-ए-आजादी पर कुछ मीठा हो जाए, घर पर इस तरह बनाएं तिरंगा बर्फी और नारियल के लड्डू

ByPrompt Times

Aug 14, 2024
Share More

15 अगस्त को भारत अपना 78वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। कई लोग आजादी का जश्न तरह-तरह के पकवान बनाकर भी मनाते हैं। ऐसे में इस दिन को खास बनाने के लिए तिरंगे के रंग में रंगी मिठाई जरूर ट्राई करें।

 

स्वतंत्रता दिवस भारतीयों के लिए सम्मान और गौरव का दिन है। इस साल 15 अगस्त को भारत अपना 78वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। आजादी का जश्न मनाने के लिए पूरा देश जोर-शोर से तैयारियों में जुटा हुआ है। कई लोग आजादी का जश्न तरह-तरह के पकवान बनाकर भी मनाते हैं।

ऐसे में अगर आप भी इस स्वतंत्रता दिवस पर घर में कुछ खास पकवान बनाकर इस दिन को मनाने का प्लान कर रहें हैं तो तिरंगे के रंग में रंगी ये खास मिठाई जरूर ट्राई करें। इस दिन इन खास मिठाइयों से अपने परिवार और आस-पड़ोस के लोगों का मुंह मीठा करें। तो आइए जान लेते हैं स्वतंत्रता दिवस स्पेशल मिठाईयों की सिंपल रेसिपी……..

तिरंगा बर्फी

तिरंगा बर्फी बनाने के लिए सामग्री

आधा कप घी,
3 कप दूध
1 कप मिल्क पाउडर
1 कप चीनी पाउडर
1/2 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
हरा फूड कलर,
केसर फूड कलर

तिरंगा बर्फी बनाने का तरीका

1- तिरंगा बर्फी बनाने के लिए सबसे पहले मीडियम आंच पर एक पैन गर्म करें, अब इसमें घी डालकर पिघला लें। घी पिघलने के बाद पैन में दूध डालें और इसे अच्छी तरह उबालें। अब इसमें मिल्क पाउडर डालें और इसे दूध में मिलाएं।

2- सभी चीजों को मिलाने के बाद अब इसमें चीनी पाउडर मिक्स करें। इस मिश्रण को धीमी आंच पर तब तक पकाएं, जब तक यह पैन न छोड़ दे। फिर इसमें इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लीजिए। गैस बंद करने के बाद इस मिश्रण को एक बाउल में निकाल लें और ठंडा होने के लिए रख दें। ध्यान रखें कि यह मिश्रण पूरी तरह ठंडा न हो जाए।

3- जब मिश्रण थोड़ा ठंडा हो जाए तो इस मिश्रण को तीन भागों में बांट लें। अब एक हिस्से में दो हरा रंग डालकर अच्छी तरह मिला लें, दूसरे हिस्से में भी दो केसर फूड कलर डालकर अच्छी तरह मिला लें।

4- अब एक ट्रे को घी से चिकना कर लें। हरे फूड कलर वाले हिस्से को ट्रे में निकाल कर अच्छी तरह फैला दें। फिर सफेद भाग को हरे मिश्रण के ऊपर डालें और इसे भी अच्छे से फैला दें। आखिरी में केसरिया रंग वाला हिस्सा भी डालें। अब बर्फी को अपने मनचाहे आकार में काट लें। तैयार है तिरंगा बर्फी।

नारियल के लड्डू

नारियल के लड्डू बनाने के लिए सामग्री

2 कप कसा हुआ नारियल
2 चम्मच घी
1/2 कप गाढ़ा दूध
1 चम्मच पीसी हुई हरी इलायची

नारियल के लड्डू बनाने का तरीका

1- नारियल का लड्डू बनाने के लिए सबसे पहले किसी बर्तन में मध्यम आंच पर घी गर्म करें। अब इसमें कसा हुआ नारियल और कंडेंस्ड मिल्क डालकर अच्छी तरह मिला लें। इस मिश्रण को अच्छी तरह भूनें।

2– फिर इसमें हरी इलायची पाउडर मिक्स करें और ड्राई फ्रूट्स भी मिलाएं। जब यह मिश्रण पैन के किनारे को छोड़ने लगे, तो गैस बंद कर दें और इस मिश्रण को ठंडा कर लें। मिश्रण के ठंडा होने पर इससे हथेलियों की मदद से छोटी-छोटी गोल बॉल्स बना लें। तैयार है नारियले के लड्डू। आप तीन रंगों को अलग-अलग मिलाकर तिरंगे के रंग में रंगे लड्डू भी बना सकते हैं। इसके लिए मिश्रण के तीन हिस्से बनाकर तीनों में अलग-अलग रंग मिक्स करें।

 

 

SOURCE – NAVBHARAT

Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *