• May 22, 2024 6:10 am

पसीना छुड़ा रही उमस, झमाझम बारिश को तरसे लोग; आज और कल गिर सकती हैं राहत की बूंदें

ByADMIN

Aug 23, 2022 ##humidity, ##Rain, ##sweat
23 अगस्त 2022 | मानसून का सीजन के बावजूद लोग झमाझम बारिश को तरस रहे हैं। जहां बारिश तरसा रही है, वहीं उमस पसीना छुड़ाए हुए हैं। इस कारण से तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। इस सप्ताह भी तेज बारिश की संभावना नहीं है। पूरे सप्ताह बादलों की लुकाछिपी के बीच निकलने वाली धूप और उमस परेशान करती रहेगी।
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह से तेज धूप निकली और उमस ने पसीने छुड़ाए। बीच-बीच में बादल आसमान में छाते रहे लेकिन बारिश नहीं हुई। सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 36.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम आर्द्रता का स्तर 88 फीसदी और न्यूनतम 54 फीसदी रही। सबसे अधिक तापमान नजफगढ़ इलाके में 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जबकि यहां न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री रहा। पीतमपुरा, पूसा व स्पोट्र्स कॉम्पलेक्स में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री से ऊपर दर्ज हुआ।
सोमवार को सुबह 8.30 बजे तक पालम इलाके में ही 9.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग की मानें पूरे सप्ताह ऐसा ही मौसम बना रहेगा। मंगलवार व बुधवार को हल्की बारिश का अनुमान है। लेकिन इससे तापमान में कोई खास असर नहीं पड़ेगा। वहीं अच्छी बरसात न होने से उमस भी परेशान करेगी।
इससे पहले रविवार को सूरज और बादलों की लुकाछिपी जारी थी लेकिन कहीं-कहीं बारिश हुई। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा 35.1 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 26.6 दर्ज हुआ था।
पूर्वानुमान: आसमान में बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश की संभावना है। 35-45 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से धूल भरी हवा चलेगी।
आज का तापमान
अधिकतम तापमान: 36.1 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान: 27.6 डिग्री सेल्सियस
23 अगस्त को सूर्यास्त: शाम 6 बजकर 53 मिनट
24 अगस्त को सूर्योदय: सुबह 5 बजकर 55 मिनट
Source:-“अमर उजाला”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *