28 मई 2022 | छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 131 करोड़ 47 लाख रूपए के लगभग 140 कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया है। भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत जिले के प्रवास पर रहे CM ने अधिकारियों की समीक्षा बैठक भी ली। किसानों से जुड़ी योजनाओं को मुख्यमंत्री ने जमीनी स्तर तक ले जाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अफसरों से कहा है कि वे समय-समय पर खुद भी स्कूल जाएं और बच्चों की पढ़ाई का स्तर क्या है उसे देखें। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि, सीमांकन, नामांतरण और बंटवारे के शिविर नियमित संचालित करते रहें। उन्होंने स्कूलों में बन रहे अस्थाई जाति प्रमाण पत्र की संख्या की जानकारी ली। साथ ही राजस्व विभाग के अधिकारियों को अस्थाई जाति प्रमाण पत्रों को समय सीमा में स्थाई करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि आदिवासी इलाकों में मात्रात्मक त्रुटि की वजह से लाभ से वंचित हो रहे लोगों के लिए अंग्रेजी नाम को मानक मानकर जाति प्रमाण पत्र प्रदान करें।
CM ने अधिकारियों को दिए यह निर्देश
- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अधिकारियों से कहा कि, राशन कार्ड बनने के बाद भी छूटे हुए लोगों का नाम जोड़ने और नए कार्ड बनाने का काम करें।
- सभी नाले उपचारित होने चाहिए। आवर्ती चराई योजना में ध्यान देने की जरूरत है।
- लॉकडाउन का एक समय था, उस वक्त पलायन करके वापस लौटे लोगों को चिह्नकित करके काम दें।
- अब नक्सल समस्या में कमी आई है, लोगों को रोजगार देने से नक्सलवाद खत्म होगा। इसलिए ज्यादा से ज्यादा योजनाओं के तहत रोजगार दें।
कोंडानार ऐप का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोंडागांव में मावा कोंडानार ऐप का शुभारंभ किया। इस एप के माध्यम से जिले के दैनिक समाचार, क्षेत्रवार स्वीकृत कार्य, आपातकालीन हेतु सभी कार्यालयों से संपर्क, शिकायत, सुझाव और मांग हेतु आवेदन तथा निराकरण की जानकारी तत्काल इससे मिलेगीं।
कपडों के लौट को दिखाई हरीझंडी
कोंडानार गारमेंट फैक्ट्री में 1.80 करोड़ रुपए की लागत से कपड़े बनाए गए हैं। CM ने कपड़े से भरे वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही दंतेश्वरी मक्का प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी समिति मर्यादित कोंडागांव और चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के मध्य इथेनॉल परियोजना निर्माण के लिए प्रबंधकीय सलाहकार हेतु अनुबंध किया गया।
Source;- ‘’दैनिक भास्कर’’
