• June 4, 2026 11:03 pm

IPS Praveen Sood: कौन हैं आईपीएस अधिकारी प्रवीण सूद, जिन्हें नियुक्त किया गया CBI का नया निदेशक

Share More

कर्नाटक के डीजीपी प्रवीण सूद (Praveen Sood) को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) का निदेशक नियुक्त किया गया है। वह दो साल के लिए इस पद पर बने रहेंगे। सूद कर्नाटक कैडर के 1986 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वह 25 मई को अपना कार्यभार संभाल सकते हैं। वह सुबोध कुमार जायसवाल का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 25 मई को समाप्त हो रहा है। उन्हें तीन साल पहले ही राज्य के पुलिस महानिदेशक के तौर पर नियुक्त किया गया था।

मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं सूद

प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली से इंजीनियरिंग में स्नातक की पढ़ाई करने वाले सूद मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं। उन्हें मई 2024 में सेवानिवृत्त होना था, लेकिन अब उन्हें दो साल का निश्चित कार्यकाल मिलेगा और वह कम से कम मई 2025 तक इस पद पर बने रहेंगे। सूद को 2020 में 1985 बैच के आईपीएस अधिकारी अशित मोहन प्रसाद (Ashit Mohan Prasad) को पछाड़ते हुए कर्नाटक डीजीपी नियुक्त किया गया था।

 

 

2004 में हुई थी पुलिस आयुक्त के रूप में नियुक्ति

मालूम हो कि कर्नाटक कैडर के अधिकारी सूद को साल 2004 में मैसूर शहर के पुलिस आयुक्त के रूप में नियुक्त किया गया था। इस दौरान उन्होंने यहां पर साल 2007 तक सेवा की। हालांकि, बाद में उन्होंने बेंगलुरू शहर के पुलिस आयुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण काम किए, लेकिन संकट में नागरिकों के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली “नम्मा 100” को शुरू करने के लिए उन्हें जाना जाता है। बेंगलुरू शहर के पुलिस आयुक्त रहते हुए उन्होंने विशेष रूप से संकट में महिलाओं और बच्चों के लिए Pink Hoyasala की शुरुआत की, जिसको पूर्ण रूप से महिला पुलिसकर्मियों द्वारा मैनेज किया जाता है।

गृह विभाग में दे चुके हैं अपनी सेवाएं

बेंगलुरु शहर के पुलिस आयुक्त (कानून और व्यवस्था) के रूप में पदभार संभालने से पहले वह बेल्लारी और रायचूर में पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। सूद कर्नाटक गृह विभाग के प्रमुख सचिव के रूप में भी काम किया है।

 

जब लगा था भाजपा का साथ देने का आरोप

मालूम हो कि सूद पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का साथ देने का आरोप लग चुका है। कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार ने सूद को राज्य में भाजपा सरकार का साथ देने का आरोप लगाया था। इस दौरान वह सुर्खियों में आ गए थे। शिवकुमार ने इसी साल 15 मार्च को उनपर आरोप लगाते हुए कहा था कि सूद कानूनी कार्यवाही के माध्यम से कांग्रेस के नेताओं को निशाना बनाते हुए भाजपा के नेताओं की रक्षा कर रहे हैं। इस दौरान शिवकुमार ने सूद के खिलाफ कार्रवाई करने और उनकी गिरफ्तारी की मांग की थी।


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *