13 मार्च 2023 | प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत के युवाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से पिछले कुछ वर्षों में एक सशक्त पारिस्थितिकी तंत्र विकसित किया गया है। प्रधानमंत्री का संदेश आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रीय युवा सम्मेलन के दौरान पढ़ा गया। इस संदेश में श्री मोदी ने कहा कि सरकार का प्रयास राष्ट्र की सामूहिक आकांक्षाओं के साथ युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं को जोड़ने पर केंद्रित है।
दो दिवसीय राष्ट्रीय युवा सम्मेलन आज से शुरू हुआ, जो भारत की जी 20 अध्यक्षता के तहत शहरी-यू20 और युवा-वाई20 के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर विचार-विमर्श करने के लिए युवा प्रतिभाओं को एक साथ लाएगा। श्री मोदी ने कहा कि यह सम्मेलन ऐसे समय में आयोजित हो रहा है, जब भारत ने जी20 की अध्यक्षता संभाली है। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि इस सम्मेलन में युवा प्रतिभाओं की सभा राष्ट्रीय और वैश्विक मुद्दों के प्रति एक भविष्यवादी, समावेशी तथा मानवीय दृष्टिकोण विकसित करेगी। उन्होने कहा कि यह समय एक गौरवशाली, विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के हमारे सामूहिक संकल्प को फलीभूत करने का अवसर है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह अवधि भारत के युवाओं के शैक्षणिक तथा व्यावसायिक विकास के लिए महत्वपूर्ण है।
(वी.के. झा )
