प्रतिदिन छह से सात हजार वाहन जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरते
रामबन के मेहाड़ और कैफेटेरिया मोड़ इलाके में गिरते है पत्थर
रामबन के मेहाड़ और कैफेटेरिया मोड़ इलाके में पहाड़ से बार-बार पत्थर गिरने के कारण बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग करीब सवा चार घंटे बंद रहा। इसके कारण राजमार्ग पर वाहन रेंग-रेंग चले। उधमपुर में ट्रकों को शाम तक रोककर रखा गया। उन्हें घाटी जाने की अनुमति नहीं मिली। कैफेटेरिया मोड़ इलाके में सुबह करीब छह बजे अचानक पहाड़ से पत्थर गिरने लगे और राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई।
करीब आठ बजे पत्थरों को हटाकर राजमार्ग को खोला गया और दोनों तरफ वाहनों को रवाना किया गया। वाहन चल ही रहे थे कि सुबह करीब साढ़े नौ बजे मेहाड़ इलाके में भी पहाड़ से पत्थर गिरना शुरू हो गए और फिर दोपहर तक रुक-रुक कर पत्थर गिरने का सिलसिला जारी रहा। जब पत्थर गिरते तो पुलिस वाहनों की आवाजाही बंद करवा देती। फिर पत्थरों को हटाने के बाद वाहनों की आवाजाही को शुरू कर दिया जाता है।
