15 नवम्बर2021 | देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर के शहरों में दीवाली के बाद से लगातार वायु प्रदूषण को लेकर हालात गंभीर बने हुए हैं। इस बीच दिल्ली और एनसीआर में वायु प्रदूषण के मामले पर सुप्रीम कोर्ट सोमवार को अहम सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान दिल्ली में सत्तासान आम आदमी पार्टी सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट में कहा गया है कि बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण वह लाकडाउन लगाने के लिए तैयार है।सोमवार को दिल्ली सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि वह वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली में पूर्ण तालाबंदी करने के लिए तैयार है। इस दौरान SC ने यह सुझाव भी दिया कि अगर पड़ोसी राज्यों के एनसीआर क्षेत्रों में भी लाकडाउन लागू किया जाता है तो यह सार्थक होगा।
वहीं, केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि दिल्ली और उत्तरी राज्यों में वर्तमान में पराली जलाना प्रदूषण का प्रमुख कारण नहीं है, क्योंकि यह प्रदूषण में केवल 10 फीसद का योगदान देता है।
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने शनिवार को दिल्ली सरकार से कहा था कि गंभीर श्रेणी में पहुंचे वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए दो दिनों के लिए लाकडाउन लगाने पर विचार करे। इस पर अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया में कहा था कि लाकडाउन एक बड़ा फैसला होगा। ऐसा कोई भी फैसला लेने से पहले व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा। बहरहाल अरविंद केजरीवाल सरकार लाकडाउन और उसके तौर-तरीकों का मसौदा प्रस्ताव तैयार किया है, जिसे सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में पेश किया गया।
देश की राजधानी दिल्ली की वायु गुणवत्ता सोमवार को भी बहुत खराब श्रेणी में है। वायु गुणवत्ता और मौसम पूर्वानुमान और अनुसंधान प्रणाली (SAFAR) के मुताबिक, राजधानी दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 318 है।
दिल्ली-हरियाणा में स्कूल बंद
देश की राजधानी दिल्ली में 1 से 12वीं तक के स्कूल आगामी हफ्ते यानी 20 नवंबर तक बंद कर दिए गए हैं। दिल्ली की तर्ज पर हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और झज्जर में भी स्कूल 17 नवंबर तक बंद रहेंगे।
17 नवंबर तक निर्माण गतिविधियां रहेंगी ठप
दिल्ली में रविवार से ही आगामी 17 नवंबर तक निर्माण गतिविधियों पर रोक है। इसके तहत निर्माण संबंधी कार्यों पर पूर्णतया प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके अलावा, हरियाणा सरकार ने भी एनसीआर के 4 जिलों में निर्माण कार्यों पर भी प्रतिबंध लगा दिया है।
दिल्ली में सरकारी कर्मचारी कर रहे वर्क फ्राम होम
दिल्ली सरकार के आदेश के बाद सोमवार से ही आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर दिल्ली के सभी सरकारी दफ्तर घर से काम कर रहे हैं। इस बात हरियाणा सरकार ने भी कार्यालयों से वर्क फ्राम होम को प्राथमिकता देने के लिए कहा है।
Source :-“जागरण”
