• June 7, 2026 2:48 am

फार्महाउस में बड़ी चोरी, नकाबपोश चोरों ने कैश और ज्वेलरी पर किया हाथ साफ

Share More

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में इवेंट आर्गनाइजर के फार्म हाउस पर हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने ताला तोड़कर अलमारी के लॉकर में रखे 1.50 लाख रुपए कैद और सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब 7 लाख रुपए का सामान चोरी कर लिया।
अपनी पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया। हालांकि, पूरी वारदात डीवीआर में रिकॉर्ड हो गई। चोरी का फुटेज भी सामने आया है, जिसमें नकाबपोश बदमाश वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, इवेंट आर्गनाइजर संगीता जैन सिविल लाइन क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक स्थित ग्रीन पार्क के हर्ष आशियाना में रहती हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम लिमतरी में उनका जैन ऑर्गेनिक फार्म हाउस है, जहां कीमती सामान रखा हुआ था।
पति प्रमोद जैन के निधन के बाद वह शहर में रहती हैं और हर दिन फार्म हाउस की देखरेख के लिए जाती हैं। शाम को वापस अपने घर लौट आती हैं। इसी दौरान बदमाशों ने फार्म हाउस को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
उन्होंने बताया कि फार्म हाउस के कमरे में एक अलमारी रखी हुई थी, जिसमें 1 लाख 50 हजार रुपए कैद, सोने-चांदी के जेवरात, चांदी की मूर्तियां और सिक्के रखे हुए थे। 1 जून की रात करीब 1 बजे से 3 बजे के बीच अज्ञात बदमाश फार्म हाउस में घुस गए।
बदमाशों ने पहले मेन गेट का ताला तोड़ा और फिर कमरे में रखी अलमारी को तोड़कर डैमेज कर दिया। इसके बाद अलमारी में रखी कैश, जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 7 लाख रुपए है।


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *