• June 30, 2024 10:15 am

मानसून का 14 तक बस्तर में प्रवेश संभव, आज से गहराने लगेंगे बादल

10 जून 2022 | राजधानी समेत पूरा प्रदेश गुरुवार को लू की चपेट में आ गया। प्री मानसून बारिश नहीं होने से भी अधिकतम तापमान गिरने के बजाय बढ़ता रहा। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अनेक स्थानों पर पानी गिरने की संभावना है। इससे दोपहर की गर्मी में कमी का दौर शुरू हो जाएगा।

मानसून दक्षिण भारत से आगे बढ़ने लगा है, लेकिन तेजी से आगे बढ़ने के लिए बंगाल की खाड़ी में अगले 48 घंटे यानी शनिवार रात तक तगड़ा सिस्टम जरूरी होगा। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि सिस्टम बन गया, तब भी मानसूनी बादलों को बस्तर पहुंचने में चार दिन लगेंगे, अर्थात यह 14 जून तक बस्तर में दाखिल हो सकता है।

इसके बाद मानसून को रायपुर आने और प्रदेश में सक्रिय होने में तीन-चार दिन लग सकते हैं। अगर ठीक-ठीक ऐसा हो भी गया तो छत्तीसगढ़ में इस बार मानसून 4 दिन लेट हो जाएगा, क्योंकि इसके प्रवेश की सामान्य तारीख 10 जून है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे में उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, अरब सागर के कुछ और भाग में सिस्टम बनने से मानसून के आगे बढ़ने की संभावना है। यही नहीं दक्षिण महाराष्ट्र के कुछ भाग, गोवा, कर्नाटक के कुछ भाग, बचे हुए तमिलनाडु में मानसूनी गतिविधि बढ़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून पहुंचने में 4 दिन की देरी हो सकती है।

बस्तर में मानसून पहुंचने के दो दिन बार रायपुर में मानसूनी बारिश होती है। जबकि सरगुजा संभाग में 15 जून सामान्य तारीख है। इस बार वहां 19 जून के आसपास मानसूनी बारिश हो सकती है।

… लेकिन, गर्मी और लू ने अब तक पीछा नहीं छोड़ा
राजधानी में गुरुवार को दोपहर का तापमान 44.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा है। माना, बिलासपुर, पेंड्रारोड, अंबिकापुर, जगदलपुर, दुर्ग व राजनांदगांव में अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री तक ज्यादा रहा। इस कारण इन सभी स्थानों पर लू चली। प्रदेश के पहाड़ी व मैदानी इलाकों में भयंकर गर्मी पड़ने से जनजीवन प्रभावित होने लगा है।

हालांकि शुक्रवार से हल्की राहत मिलने के आसार हैं। बलौदाबाजार का अर्जुनी सबसे ज्यादा गर्म रहा। वहां का अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री रहा। प्रदेश के कुछ स्थानों पर बौछारें पड़ी या बूंदाबांदी हुई। इससे दोपहर की भीषण गर्मी पर कोई असर नहीं पड़ा। 10 जून को एक-दो स्थानाें पर अंधड़ चलने व आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। कहीं-कहीं हल्की वर्षा भी होगी।

रायपुर में रात में भी गर्म हवाएं, पारा 320
राजधानी में न्यूनतम तापमान 31.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा रहा। मौसम विभाग के शब्दों में यह गर्म रात है। यानी रात में भी लू जैसे हालात रहे। लोगों को दिन में चैन है और न रात में। प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर न्यूनतम तापमान 1 से 7 डिग्री तक ज्यादा है। राजनांदगांव में तो न्यूनतम तापमान 32 डिग्री पर पहुंच गया है। यह सामान्य से 7 डिग्री ज्यादा है।

प्री-मानसून वर्षा 11 या इसके बाद
विशेषज्ञों का यह भी अनुमान है कि बस्तर में एंट्री के तीन-चार दिन पहले यानी 10 तारीख के बाद बस्तर और 11 तारीख के बाद रायपुर में प्री-मानसून वर्षा शुरू हो सकती है।

सोर्स;- ‘’दैनिकभास्कर’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *