• May 4, 2024 3:50 pm

मानसून द्रोणिका सक्रिय, बिलासपुर में 29 जुलाई तक वर्षा का अनुमान

27 जुलाई 2022 मंगलवार को झमाझम वर्षा होने के बाद सोमवार को भी पानी गिरने का अनुमान है। मौसम विभाग की वेबसाइट पर नजर डालें तो 29 जुलाई तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। फिलहाल बिलासपुर का अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। इसके इसी तरह बने रहने की संभावना है।

मौसम वेधशाला के विज्ञानी डा. एचपी चंद्रा के मुताबिक मानसून द्रोणिका हल्दी, अजमेर, शिवपुरी, सीधी, अंबिकापुर, जमशेदपुर, बालासोर, और उसके बाद दक्षिण पूर्व की ओर पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका रायल सीमा, मध्य प्रदेश, पूर्वी विदर्भ, दक्षिण छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक 1.5 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से 27 जुलाई को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी वर्षा भी हो सकती है। बिलासपुर में 29 जुलाई तक मौसम ऐसे ही बने रहने की संभावना है। बता दें कि जिले में अब तक 5,092.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जो कि औसत से अधिक है। वहीं शहर में एक जून से अब तक 733.1 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है। यह सामान्य से अधिक है। अब तक शहर के अलावा बिल्हा, तखतपुर में 500 मिलीमीटर से वर्षा हो चुकी है। सबसे कम 378.4 मिलीमीटर रतनुपर तहसील में दर्ज है। किसान इसलिए चिंतित हैं क्योंकि यदि मौसम ऐसे ही बना रहा तो जिन किसानों ने धान की बोआई की है, उनके सड़ने का डर रहेगा। खेतों में लबालब पानी है।

एक दिन पहले शाम को हुई वर्षा के बाद शहर के कई इलाकों में सुबह भी पानी भरा हुआ था। श्रीकांत वर्मा मार्ग, पुराना बस स्टैंड, महाराणा प्रताप चौक, तोरवा व विनोबा नगर व्यापार विहार के नालियां जाम हो गई थीं। राजेंद्र नगर, अज्ञेय नगर, विनोबा नगर, विद्यानगर, मगरपारा, मंझवापारा, मित्र विहार कालोनी और सरकंडा क्षेत्र के साथ ही दर्जनों कालोनियों में लोगों को समस्या हुई थी। ऐसे में नगर निगम को व्यवस्था सुधारने में आज मेहनत करनी होगी।

Source;-“नईदुनिया”     

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *