• June 8, 2026 5:58 am

राष्ट्रीय बालिका दिवस आज, जानें बेटियों को कहां-कहां मिलती है स्कॉलरशिप

Share More

24जनवरी 2024
राष्ट्रीय बालिका दिवस हर साल 24 जनवरी को मनाया जाता है. राष्ट्रीय बालिका दिवस पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा पहली बार शुरू की गई ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना’ की वर्षगांठ के रूप में मनाया जाता है. देश में ऐसे कई सरकारी संस्थान और निजी संगठन हैं, जो छात्राओं को छात्रवृत्ति और फेलोशिप के अवसर प्रदान करते हैं. छात्राओं को कहां-कहां छात्रवृत्ति मिलती है. आइए जानते हैं.

लड़कियों के लिए एआईसीटीई प्रगति छात्रवृत्ति के तहत एआईसीटीई मान्यता प्राप्त संस्थान में तकनीकी डिप्लोमा या डिग्री पाठ्यक्रम के पहले वर्ष में पढ़ने वाले छात्राओं को अपनी शिक्षा जारी रखने के लिए वित्तीय सहायता दी जाती है. इसके लिए आवेदन आमतौर पर सितंबर में खुलता है और अक्टूबर में बंद हो जाता है.

एकल बालिका स्नातकोत्तर इंदिरा गांधी छात्रवृत्ति

यह छात्रवृत्ति उन लड़कियों को स्नातकोत्तर पढ़ाई के लिए मिलती है, जो अपने माता-पिता की एकमात्र लड़की हैं. पूर्णकालिक मास्टर डिग्री प्रोग्राम के पहले वर्ष में प्रवेश लेने वाले आवेदक इस छात्रवृत्ति का लाभ उठा सकते हैं. यह छात्रवृत्ति विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की ओर से दी जाती है. इस छात्रवृत्ति के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया आमतौर पर जनवरी से शुरू होती है.

एकल बालिका सीबीएसई मेरिट छात्रवृत्ति योजना

सिंगल गर्ल चाइल्ड स्कॉलरशिप योजना के तहत छात्राओं को 500 रुपए प्रति माह दिए जाते हैं. कक्षा 10 में मासिक ट्यूशन फीस 1,500 रुपए प्रति माह से अधिक नहीं होनी चाहिए और कक्षा 11 और कक्षा 12 में 10 प्रतिशत की वृद्धि होनी चाहिए. इसके लिए पात्र होने के लिए, उम्मीदवारों को परिवार में एकमात्र बच्चा होना चाहिए. उन्हें सीबीएसई से संबद्ध स्कूल से 60 प्रतिशत अंकों के साथ 10वीं पास होना चाहिए. साथ ही वर्तमान में उसी स्कूल से 11वीं कक्षा में होना चाहिए. अभी इस छात्रवृत्ति के लिए पंजीकरण किए जा रहे हैं.

महिला वैज्ञानिक योजना-बी

विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग उन महिला वैज्ञानिकों और प्रौद्योगिकीविदों को प्रोत्साहित करने के लिए यह छात्रवृत्ति प्रदान करता है, जो अपने करियर में ब्रेक ले रही हैं. आवेदन आम तौर पर फरवरी में शुरू होता है. 27 से 57 वर्ष की आयु की महिला वैज्ञानिक/प्रौद्योगिकीविद् इसके लिए आवेदन कर सकती हैं.

बेगम हजरत महल राष्ट्रीय छात्रवृत्ति

यह छात्रवृत्ति कक्षा 9 से 12 में पढ़ने वाली अल्पसंख्यक समुदाय की छात्राओं को वित्तीय सहायता प्रदान करती है. इस छात्रवृत्ति में नामांकित छात्राएं अन्य लाभों के साथ ट्यूशन शुल्क सहायता का लाभ उठा सकती हैं. अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के तहत मौलाना आजाद एजुकेशन फाउंडेशन (एमएईएफ) यह छात्रवृत्ति प्रदान करता है. इसके लिए सितंबर से आवेदन प्रक्रिया शुरू होती है.

स्रोत :- ” TV9 भारतवर्ष ”   


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *