31 मई 2022 | वर्तमान में किसी प्रभावी मौसम प्रणाली के सक्रिय नहीं रहने के कारण वातावरण में नमी कम होने लगी है। इसके चलते राजधानी भोपाल सहित मध्य प्रदेश के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। हालांकि पूर्वी मप्र में नमी मौजूद रहने के कारण कहीं–कहीं बौछारें पड़ रही हैं। इसी क्रम में पिछले 24 घंटों के दौरान मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक सिवनी में 10.6, छिंदवाड़ा में 1.2, मलाजखंड में एक मिलीमीटर बारिश हुर्इ। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मंगलवार को भी पूर्वी मप्र में बारिश हो सकती है। राजधानी में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दोपहर के बाद बूंदाबांदी भी होने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि मंगलवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। साथ ही यह सोमवार के न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस की तुलना में 0.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। साहा के मुताबिक वातावरण में कुछ नमी रहने के कारण बादल छा रहे हैं। इस वजह से रात के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। उधर सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था, जो सामान्य रहा। यह रविवार के अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 0.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा था। साहा के मुताबिक मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि वातावरण में कुछ नमी होने के कारण दोपहर बाद कहीं–कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है।
मौसम प्रणालियां हैं सक्रियमौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी एचएस पांडे ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर पर ट्रफ के रूप में बना हुआ है। इसके अतिरिक्त उत्तर-पश्चिम राजस्थान से दक्षिण उत्तर प्रदेश, बिहार से होकर बांग्लादेश तक एक ट्रफ बना हुआ है। इस वजह से वातावरण में कुछ नमी आ रही है। इन दो मौसम प्रणालियों के कारण मंगलवार को जबलपुर, रीवा, शहडोल संभागों के जिलों में कहीं–कहीं गरज–चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
Source;-“नईदुनिया”
