31 जनवरी 2023 | जिले के ग्राम लाटाबोड़ निवासी नाचा के दिग्गज कलाकार डोमार सिंह कुंवर को पद्मश्री पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की गई, इस खबर से जिले में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। गांव के ग्रामीणों ने खूब आतिशबाजी कर पटाखे फोड़े। लगातार डोमार सिंह के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। इसके साथ ही इस उपलब्धि पर सीएम भूपेश बघेल ने भी ट्वीट कर डोमार सिंह कुंवर को बधाई दी है। राष्ट्रपति ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर देश को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पद्म पुरस्कारों के लिए नाम का ऐलान किया, जिसमें छत्तीसगढ़ से तीन कलाकार भी शामिल हैं। आपको बता दें कि जिले में इससे पूर्व समाज सेविका शमसाद बेंगम भी सामाजिक कार्य के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया जा चुका है।
मंत्री अनिला ने किया सम्मानित
विधायक व महिला बाल विकास एवं समाज कल्याण मंत्री अनिला भेड़िया ने जिला मुख्यालय स्तिथ सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में आयोजित गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह के दौरान पद्मश्री से नामित होने वाले डोमार सिंह को सम्मानित किया गया। इस दौरान संसदीय सचिव कुंवर सिंह निषाद, विधायक संगीता सिन्हा, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, एसपी डा. जितेंद्र यादव भी मौजूद थे। मंत्री अनिला भेड़िया ने डोमार सिंह और अजय मण्डावी को पद्मश्री मिलने पर बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ का गौरव बताते हुए कहा कि नाचा छत्तीसगढ़ की संस्कृति है और काष्ठकला के जरिए युवा आत्मनिर्भर बने है।
बतौर निर्देशन सुल्ताना डाकू की शुरुआत
Padmashri Award 2023 स्वर्गीय मुरलीधर यादव को अपना गुरु मानने वाले किसान डोमार सिंह कुंवर नृत्य कला के साधक एवं मशहूर कलाकार है। इनका जन्म 13 जनवरी 1947 को ग्राम लाटाबोड़ में हुआ। इन्होंने देश से लेकर विदेशों तक ख्याति प्राप्त की है। डोमार सिंह ने नई दुनिया से चर्चा में बताया कि वे 1959 यानि 10 साल की उम्र में ही मंच पर उतर गए थे। छत्तीसगढ़ी हास्य गम्मत नाचा कला को कई वर्षों से परी और डाकू सुल्तान की भूमिका निभाकर जिंदा रखे हुए है। इस 76 साल की उम्र में डोमार सिंह ने नाचा गम्मत को न सिर्फ जिया है, बल्कि अपने स्कूल से लेकर दिल्ली के मंच पर मंचन किया है। 21 जनवरी 1966 को बतौर निर्देशन नाचा मंडली मयारू मोर लाटाबोड़ लोक नाचा (सुल्ताना डाकू) की शुरुआत की। जो अनवरत तक जारी हैं। रवेली नाचा पार्टी, धमना नाचा पार्टी, लोक मंजरी जैसे दर्जनों नाचा पार्टियों से जुड़ाव रहा है।
कई जनकल्याणकारी कार्यक्रम का हिस्सा बन उसे बनाया सफल
डोमार सिंह ने चर्चा करते हुए बताया कि उन्होंने कई महान हस्तियों जैसे दाऊ महासिंह चंद्राकर, दाऊ रामचंद्र देशमुख, दाऊ दुलार सिंह साव, प्रदीप शर्मा, मनीष मानिकपुरी, मोना सेन, करण खान, अनुराधा दुबे, रामलाल और भी कई जाने माने लोक कला एवं फिल्म कलाकारों के सानिध्य में अभिनय करने का अवसर प्राप्त हुआ है। नाचा गम्मत के अलावा धार्मिक, सामाजिक, राष्ट्रीय साक्षरता सहित कई जनकल्याणकारी कार्यक्रम का हिस्सा बने। छत्तीसगढ़ी फिल्म मन के बात मन में रहिगे के निर्माता रहे। इसके साथ ही महिला सरपंच, चंपा चमेली, मजाक होंगे महंगा, लाली के मया, बाल विवाह, सोन चिरई जैसे और भी एल्बम में अभिनय कर चुके हैं। छत्तीसगढ़ माटी पुत्र सम्मान, लोक कला महोत्सव, कला और नाट्य समता अवार्ड, डा. भीमराव अंबेडकर गौरव सम्मान सहित अब तक कुल 73 अंतरराष्ट्रीय मंच पर उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं।
सोर्स :-“नईदुनिया”
