24 मई 2023 ! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद के नवनिर्मित भवन का उद्घघाटन 28 मई को करने जा रहे हैं। इस महत्वपूर्ण दिन पर प्रधानमंत्री मोदी संसद के नए भवन में पवित्र सेंगोल को भी स्थापित करने जा रहे हैं। यह सेंगोल भारत के आजादी के वर्ष यानी 1947 में तमिलनाडु से लाया गया वही सेंगोल है जिसे 14 अगस्त 1947 को रात के 10:45 बजे के लगभग अंग्रेजों ने सत्ता हस्तांतरण के प्रतीक के तौर पर देश के तत्कालीन और आजाद भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को सौंपा था।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा संसद के नए भवन में सेंगोल स्थापित करने की जानकारी देते हुए बताया कि ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मई को संसद के नवनिर्मित भवन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
उन्होंने कहा कि यह नया संसद भवन प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता का प्रमाण है। यह नए भारत के निर्माण में हमारी सांस्कृतिक विरासत, परंपरा और सभ्यता को आधुनिकता से जोड़ने का एक सुंदर प्रयास है। सेंगोल की पुरानी ऐतिहासिक परंपरा का जिक्र करते हुए शाह ने आगे बताया कि संसद के नए भवन के उद्घाटन के ऐतिहासिक अवसर पर युगों से जुड़ी हुई एक ऐतिहासिक परंपरा को भी पुनर्जीवित और पुनस्र्थापित किया जाएगा। शाह ने देश को मिली आजादी और अंग्रेजों से भारत को सत्ता हस्तांतरण के समय निभाई गई परंपरा का जिक्र करते हुए बताया कि 14 अगस्त 1947 को एक अनोखी घटना हुई थी। उस समय सत्ता हस्तांतरण के प्रतीक के तौर पर जवाहर लाल नेहरू को तमिलनाडु से लाया गया सेंगोल सौंपा गया था। उन्होंने इस परंपरा के चोल साम्राज्य से जुड़े होने की जिक्र करते हुए कहा कि जब 1947 की इस परंपरा के बारे में प्रधानमंत्री मोदी को जानकारी मिली तो उन्होंने इसकी खोजबीन करने का आदेश दिया कि अब यह सेंगोल कहां है। आजादी के 75 साल बाद आज देश के अधिकांश नागरिकों को इसकी जानकारी नहीं है, जबकि सेंगोल ने भारत के इतिहास में एक अहम भूमिका निभाई थी। यह सेंगोल 1947 में सत्ता के हस्तांतरण का प्रतीक बना था। काफी खोजबीन करने पर यह मालूम हुआ कि यह सेंगोल इलाहाबाद के संग्रहालय में रखा हुआ है।
शाह ने आगे बताया कि यह तय किया गया कि इस पवित्र सेंगोल को किसी संग्रहालय में रखना अनुचित है। इसलिए 1947 के इस सेंगोल के मिलने के बाद यह फैसला किया गया कि जिस दिन नए संसद भवन को देश को समर्पित किया जाएगा उसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिलनाडु के अधीनम से आए हुए इस सेंगोल को विनम्रता के साथ स्वीकार करेंगे और संसद के नए भवन में लोक सभा अध्यक्ष के आसन के पास इसे स्थापित करेंगे।
सोर्स :“खास खबर”
