• June 4, 2026 7:09 pm
Share More

प्रयागराज । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महाकुंभ 2025 के अवसर पर सोमवार पूर्वान्ह गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पावन त्रिवेणी पर आस्था की डुबकी लगायी और राष्ट्र की सुख समृद्धि की कामना की। श्रीमती मुर्मू ने संगम में डुबकी लगाने से पहले राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ जेटी पर कलरव कर रहे साइबेरियन पक्षियों को दाना चुगाया। उसके बाद वह संगम में उतर कर आचमन किया और सूर्य को अर्घ्य दिया और पवित्र जल को मस्तक से लगाया। उसके बाद उन्होंने अपने हाथ से मां गंगा को पुष्प और नारियल अर्पित किया। स्नान के बाद तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच राष्ट्रपति से जेटी पर ही पूजन कराया। राष्ट्रपति ने पूजा के समय गुलाबी रंग की साड़ी पहन रखी थी। राष्ट्रपति के साथ प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने भी संगम में पुण्य स्नान किया। उन्होंने भी संगम में पुष्प अर्पित किया। राष्ट्रपति का संगम स्नान के बाद अक्षय वट और लेटे हनुमान जी के दर्शन आदि का भी कार्यक्रम है।
आज सुबह आठ बजे तक 46.19 लाख श्रद्धालुओं ने किया स्नान
महाकुंभ में 10 फरवरी को सुबह आठ बजे तक कल्पवास में 10 लाख से अधिक श्रद्धालु और वहीं 36.19 लाख यात्री पहुंचे। आज सुबह आठ बजे तक 46.19 लाख श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। वहीं बीती 9 फरवरी तक 43.57 करोड़ से ज्यादा लोग संगम में पवित्र डुबकी लगा चुके हैं।
9 फरवरी तक संगम में 43.57 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने किया स्नान
महाकुंभ में बीती 9 फरवरी को रात आठ बजे तक कल्पवास में 10 लाख से अधिक श्रद्धालु और वहीं 1.47 करोड़ यात्री पहुंचे। बीते रविवार को रात आठ बजे तक 1.57 करोड़ से अधिक लोगों ने स्नान किया। 9 फरवरी तक संगम में 43.57 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया।


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *