• May 2, 2024 9:16 pm

राष्ट्रपति मुर्मु ने किया जनजातीय संग्रहालय का अवलोकन

16 नवंबर 2022 |  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु फिलहाल मप्र के दो-दिवसीय प्रवास पर है। वह मंगलवार को शहडोल में आयोजित राज्‍यस्‍तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शाम छह बजे भोपाल पहुंचीं। आज वह भोपाल में मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के महिला स्व-सहायता समूहों के सम्मेलन में भाग लेंगीं। इससे पहले वह सुबह नौ बजेे श्‍यामाल हिल्‍स पर स्‍थित जनजातीय संग्रहालय भी पहुंंचीं। राष्ट्रपति मुर्मु ने राज्यपाल मंगुभाई पटेल तथा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में जनजातीय संग्रहालय का अवलोकन किया। राष्ट्रपति महोदया का पद्मश्री भूरी बाई ने जनजातीय संग्रहालय आगमन पर अंग वस्त्रम भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। राष्ट्रपति मुर्मु ने जनजातीय संग्रहालय स्थित जनजातीय जीवन वीथिका, जनजातीय परिवेश के बच्चों के खेलों पर केन्द्रित वीथिका, लिखन्दरा प्रदर्शनी दीर्घा और चिनहारी संग्रहालय स्टॉल का अवलोकन किया। उल्लेखनीय है कि जनजातीय जीवन दीर्घा में प्रदेश में निवासरत गोंड, बैगा, भारिया, सहरिया, भील और कोरकू आदिवासी समुदायों के आवासों की वास्तुगत, शिल्पगत, व्यवहारगत विशेषताओं और उनकी जीवनशैली को प्रदर्शित किया गया है। मुख्यमंत्री चौहान ने राष्ट्रपति को इन वीथिकाओं के संबंध में परिचयात्मक जानकारी दी। राष्ट्रपति ने संग्रहालय के आकल्पन व प्रदर्शन विधा की सराहना की। राष्ट्रपति को प्रस्थान के समय, जनजातीय संग्रहालय की ओर से भगवान गणेश की धातुशिल्प से निर्मित लघु प्रतिमा, भारिया देवलोक सहित अन्य पुस्तकों का सेट व गोंड पेंटिंग भेंट की गई।

इसके बाद सुबह 11.30 बजे लाल परेड ग्राउंड के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित सम्मेलन में राष्‍ट्रपति शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से 15 हजार समूह की महिलाएं पहुंच रही हैं। राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार भोपाल आई राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु महिला स्व-सहायता समूह के सम्मेलन को संबोधित करेंगी।

राष्ट्रपति यहां आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन करेगी। विभिन्न् जिलों से आ रही दो समूह सदस्य कार्यक्रम के दौरान मंच से अपने अनुभव साझा करते हुए बताएंगी कि समूह के सहारे से किस तरह उनके जीवन में तरक्की की राह बनती गई और उन्हें आगे बढ़ने का मौका मिला।

समूह सदस्यों द्वारा बनाई गई वस्तुएं राष्ट्रपति को उपहार स्वरूप भेंट की जाएगी। सम्मेलन में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। भोपाल जिले के प्रभारी भूपेन्द्र सिंह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री रामखेलावन पटेल एवं भोपाल महापौर मालती राय सहित अन्य जन प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का प्रसारण विभिन्न् माध्यमों से किया जाएगा, जिसे प्रदेश के विभिन्न जिलों में ग्राम पंचायत स्तर पर देखा जा सकेगा।

सोर्स :-“नईदुनिया”                                

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *