• June 8, 2026 1:36 pm

प्रस्तावित बजट- टैक्स नहीं बढ़ाएगा पूर्वी दिल्ली नगर निगम

ByPrompt Times

Jan 6, 2022 ##Delhi, ##tax
Share More

6 जनवरी 2021 | पूर्वी दिल्ली नगर निगम में सत्तारूढ़ भाजपा ने चुनाव के मद्देनजर कर न बढ़ाने का निर्णय लिया है। स्थायी समिति के अध्यक्ष वीर सिंह पंवार ने बुधवार को सदन की बैठक में चालू वर्ष का संशोधित और अगले साल का प्रस्तावित बजट प्रस्तुत करने के साथ आयुक्त की ओर से कर बढ़ाने एवं नए कर लगाने के लाए गए सभी प्रस्ताव रद्द कर दिए। उन्होंने जनता के लिए कई सुविधाएं देने का ऐलान भी किया।

स्थायी समिति के अध्यक्ष वीर सिंह ने आयुक्त के सरकारी भवनों का संपत्ति कर 2-3 फीसदी बढ़ाने, मकानों का नक्शा पास कराने का शुल्क बढ़ाने, शिक्षा उपकर और सुधार कर लगाने के प्रस्तावों को रद्द करने का ऐलान किया। वहीं, साप्ताहिक बाजारों की फीस को 31 मार्च तक माफ करने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने वर्ष 2021-22 के लिए संशोधित आय 4226.41 करोड़ रुपये और वर्ष 2022-23 के लिए अनुमानित आय का लक्ष्य 4742.12 करोड़ रुपये प्रस्तुत किया है। इसी प्रकार वर्ष 2021-22 के लिए संशोधित व्यय 4479.43 करोड़ रुपये और वर्ष 2022-23 के लिए अनुमानित 4735.77 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा है।

स्वामी दयानंद अस्पताल में बनेगा मेडिकल कॉलेज
स्थायी समिति के अध्यक्ष वीर सिंह ने बताया कि कोरोना महामारी के मद्देनजर स्वामी दयानंद अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने, वार्ड, एचडीयू व आईसीयू तैयार किया जाएगा। साथ ही एमसीआई मानदंडों के अनुसार स्वामी दयानंद अस्पताल में मेडिकल कॉलेज बनाने की योजना भी प्रस्तुत की। स्थाई समिति अध्यक्ष ने कहा कि स्वामी दयानंद अस्पताल में राज माता विजय राजे सिंधिया नर्सिंग स्कूल को कॉलेज बनाने की योजना है। अस्पताल में 100 बिस्तर का आपातकालीन वार्ड भी बनाया जाएगा। इसके अलावा वेस्ट-टू-आर्ट पार्क व चिल्ड्रेन पार्क बनाए जाएंगे।

ग्रामीण गांव का मद किया खत्म
पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने ग्रामीण गांव से जुड़ा मद खत्म कर दिया है। स्थायी समिति अध्यक्ष ने तर्क दिया कि केंद्र सरकार के अध्यादेश के अनुसार दिल्ली के सभी ग्रामीण गांव शहरीकृत घोषित हो गए हैं। इस तरह अब ग्रामीण गांव नहीं रहे। इस कारण इन गांवों में विकास कार्य करने के लिए बनाए गए मद को समाप्त करने का निर्णय लिया है, क्योंकि अब इस मद का कोई औचित्य नहीं रहा है।

Source;-“अमर उजाला”


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *