मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते छह वर्षों में प्रदेश में रोजगार और निवेश के लिए माहौल बना है। सरकारी नौकरियों में जातिवाद, भ्रष्टाचार और परिवारवाद को खत्म किया गया है। सरकारी योजनाओं का लाभ देने में न तो जातिवाद होता है और न ही भ्रष्टाचार। हर किसी को योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
सरकार में स्थायित्व का लाभ जनता को मिल रहा है
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार होने से प्रदेश में स्थिरता है जिसका लाभ प्रशासन को मिल रहा है। जिलों में पुलिस अधीक्षक व जिलाधिकारी अपना कार्यकाल पूरा कर रहे हैं। शासन प्रशासन में स्थिरता होने का लाभ जनता को मिल रहा है। जनता को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल रहा है।
इंफ्रास्ट्रक्चर में प्रदेश पहले स्थान पर है
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश के विकास को गति देने के लिए एक्सप्रेस वे का निर्माण कराया जा रहा है। गंगा एक्सप्रेस वे का निर्माण 2025 तक पूरा हो जाएगा। अगले दो वर्षों में पांच अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डों वाला यूपी देश का पहला प्रदेश होगा जिसमें तीन अभी से क्रियाशील हैं। प्रदेश में गांव-गांव में सड़कों को बेहतर करने का काम हुआ है। प्रदेश में पांच शहरों में मेट्रो चल रही है। नवंबर-दिसंबर से आगरा में भी मेट्रो सेवा शुरू कर दी जाएगी।
यूपी को लेकर धारणा बदली है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि छह साल में यूपी को लेकर देश में धारणा बदली है। अब यूपी का नाम सुनकर लोगों के चेहरे पर चमक आ जाती है। पहले संदेह की नजरों से देखा जाता था। अब प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट नहीं है।
ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट में 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश के एमओयू साइन हुए
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में बीते दिनों आयोजित हुई ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट 2023 में प्रदेश में निवेश के लिए 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू साइन हुए। ईज आफ डूइंग बिजनेस में प्रदेश दूसरे स्थान पर है। हमने प्रदेश के लोगों की आय को दोगुना किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर एक पुस्तिका का भी विमोचन किया जिसमें प्रदेश सरकार के विकास कार्यों का उल्लेख किया गया है। अलग-अलग जिलों में मंत्रियों द्वारा भी पुस्तिका का विमोचन किया जाएगा।सोर्स :-“अमर उजाला ”